शिव उपासना का महीना प्रारंभ
समस्त पापों से मुक्ति दिलाएंगे भोलेनाथ
ND
देवाधिदेव भगवान शिव की उपासना का महीना प्रारंभ हो गया है। शिव उपासना का यह सबसे श्रेष्ठ महीना माना गया है। लिहाजा पूरे महीने भर शिवभक्ति की धारा बहेगी। इस दौरान कई शिव भक्त पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजा अर्चना करेंगे।
इस वर्ष सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं। श्रद्घालु व्रत रखकर भगवान शिव की उपासना करेंगे। इस महीने में पंचाक्षरी मंत्र ध्वनि के साथ शिवजी का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है। इसके अलावा श्रद्धालु भगवान शिव के प्रिय आंक का पुष्प, धतूरा और बिल्व पत्र अर्पित कर शिवजी को प्रसन्न करने का प्रयास करेंगे।
ऐसी मान्यता है कि कुंआरी कन्याओं द्वारा सावन में विधि-विधान से शिव की पूजा करने से मनोवांछित वर की प्राप्ति होती है।
ND
माना जाता है कि भगवान शिव मृत्युंजयी है। उनकी आराधना से अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता। इसके अलावा शिव पूजन से गृहस्थ जीवन में अनुकूलता आती है। शिव कुबेर के अधिपति है। लिहाजा लक्ष्मी की प्राप्ति के लिए भी शिव की उपासना श्रेयस्कर है।
जो भक्त सावन के इस माह में शिव आराधना करेंगे, उनकी सारी मनोकामनाएं भोलेनाथ पूरी करेंगे। और उन्हें उनके समस्त पापों से मुक्ति भी दिलाएंगे।
