शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा

कर्नाटक लोकसभा उपचुनाव की दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा

कर्नाटक लोकसभा उपचुनाव की दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा -
FILE
बेंगलुरु। कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने जदएस को बड़े अंतर से हराकर मांड्या और बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में शनिवार को जीत दर्ज कर ली।

अधिकारियों ने बताया कि चुनावी मैदान में पहली बार उतरीं अभिनेत्री राम्या ने जदएस केसीएस पुट्टाराजू को 67,611 मतों के भारी अंतर से हराकर मांड्या में जीत दर्ज की।

बेंगलुरु ग्रामीण में भी कांग्रेस को शानदार जीत मिली और जदएस को करारी हार झेलनी पड़ी। कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश ने पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारास्वामी को करीब 1,37,000 मतों के अंतर से हराया।

इससे पहले 2009 लोकसभा चुनावों में बेंगलुरु ग्रामीण सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पुत्र कुमारास्वामी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन मई विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था। गौड़ा परिवार के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था।

भाजपा ने दोनों सीटों के लिए हुए उपचुनाव में जदएस को समर्थन दिया था और अपने उम्मीदवारों को खड़ा नहीं किया था।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सुरेश को अनिता के 4,41,601 मतों की तुलना में 5,78,608 मत मिले। मांड्या में राम्या को 4,84,085 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 4,16,474 मत मिले।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि जदएस को मतदाताओं ने पाठ पढ़ा दिया है। इस हार के बाद कुमारास्वामी देव गौड़ा से मिले और उन्होंने उन्हें राज्य इकाई के प्रमुख और विधानसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी छोड़ने का अपना निर्णय सुनाया।

उन्होंने पार्टी की विज्ञप्ति में कहा कि मेरे हृदय का ऑपरेशन हुआ है और शायद मतदाताओं को लगता है कि मुझे आराम की जरूरत है। राम्या और सुरेश ने आज सुबह शुरू हुई मतगणना में शुरुआत से ही बढ़त बनाई हुई थी। इन सीटों के लिए मतदान 21 अगस्त को हुआ था।

मांड्या में जदएस के नेता एन चेलुवरयस्वामी के त्यागपत्र के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया था। उन्होंने गत मई में विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद त्यागपत्र दे दिया था। जदएस ने मई में हुए चुनावों में मांड्या जिले में आठ में से पांच विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी।

बेंगलुरु ग्रामीण में एचडी कुमारास्वामी ने 2009 में लोकसभा चुनावों में 1.3 लाख मतों से जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को इस सीट पर समाजवादी पार्टी के विधायक सी पी योगेश्वर का समर्थन मिला था जिन्होंने मई के चुनावों में अनिता को हराया था। (भाषा)