शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
  6. इंदौर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
Written By WD

इंदौर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

दोपहिया वाहन पर पुलिस ने लगाया प्रतिबंध

Ayodhya verdict | इंदौर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
अयोध्या विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के फैसला आने के बाद मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर शहर में देर शाम तक किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

शहर में अमन-चैन कायम रहे इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। शहर में 5 हजार सुरक्षाकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। ताजा खबर के अनुसार पुलिस ने शहर में दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया है ताकि लोग हुड़दंग न मचा सके। पुलिस ने लोगों को अपने घरों में ही रहने की अपील की है।

इंदौर जिले के एसएसपी डी.श्रीनिवासन राव के अनुसार कोर्ट का फैसला आने के बाद सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शरारती तत्वों से सख्ती के साथ निपटे। शहर की शांति भंग नहीं हो इसके लिए जिले के 3500 और जिले से बाहर के 1500 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से रैपिड एक्शन फोर्स, क्यूआरएफ, एसएएफ समेत अश्वारोही दल और अन्य बटालियनों की 9 कम्पनियाँ अपने कार्य में तैनात हैं। यही नहीं संवेदनशील इलाकों में वॉच टावर के जरिये निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने फैसले के बाद घरों के बाहर जमा लोगों को भी भीतर जाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी लगातार गश्त कर रहे हैं। सड़कों पर महिलाओं और केवल यात्रियों को आने जाने की इजाजत दी जा रही है। प्रशासन शहर में लागू धारा 144 का कड़ाई के साथ पालन करवाया जा रहा है।

पुलिस बल ने सिलावटपुरा में मुस्लिम फर्नीचर व्यवसायी शौकत भाई के इंतकाल होने के कारण उनके जनाजे को खामोशी के साथ रवाना किया। कुल मिलाकर अयोध्या विवाद पर अदालत के फैसले के आने के बाद शहर में शांति बनी हुई है।

वैसे भी बुधवार से ही अमन पसंद शहर इंदौर में साम्प्रदायिक सद्‍भावना के लिए जगह-जगह प्रयास शुरू हो गए थे। दोपहर बीतते-बीतते शहर के सभी प्रमुख बाजार बंद हो गए थे। (वेबदुनिया न्यूज)