शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
  6. वायु सेना परेड में एवाक्स रडार का प्रदर्शन
Written By भाषा
Last Modified: हिंडन (भाषा) , गुरुवार, 8 अक्टूबर 2009 (21:47 IST)

वायु सेना परेड में एवाक्स रडार का प्रदर्शन

awacs radar showcased | वायु सेना परेड में एवाक्स रडार का प्रदर्शन
भारतीय वायुसेना की वर्षगाँठ पर आज यहाँ आयोजित परेड में हाल में बल में शामिल फाल्कन एवाक्स रडार का पहली बार प्रदर्शन किया गया।

इसराइल में तैयार एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (अवाक्स) का 77वें वायुसेना दिवस पर आयोजित परेड में प्रदर्शन किया गया। आकाश में नजर रखने वाले अवाक्स को रूसी आईएल-76 एयरफ्रेम पर रखा गया था।

अवाक्स के बल में शामिल किए जाने से वायुसेना की क्षमता बढ़ गई है। उसकी मदद से वायुसेना दुश्मनों के विमानों और मिसाइलों पर दूर से ही नजर रख सकती है, भले ही वे भारतीय सीमा से दूर हों। खतरे की स्थिति में बल इसकी मदद से अपने लड़ाकू विमानों को जरूरी निर्देश भी दे सकता है।

वायुसेना ने अपनी अग्रिम पंक्ति के 54 विमानों के साथ अपनी वायु क्षमता का प्रदर्शन किया। इन विमानों में रूस में निर्मित सुखोई, फ्रांसीसी मिराज-2000, ब्रिटिश जगुआर के अलावा मिग-21, मिग-27 शामिल थे। इसके साथ ही एमआई-17 और एमआई-35 हेलीकाप्टरों का भी प्रदर्शन किया गया।

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल पीवी नाइक ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर विदेशी राजनयिक, सांसद, मार्शल ऑफ दि एयरफोर्स अर्जन सिंह, सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर और नौसेना के उप-प्रमुख वाइस एडमिरल डीके दीवान भी मौजूद थे।

नौसेना प्रमुख एडमिरल निर्मल वर्मा एक अंतरराष्ट्रीय विचार गोष्ठी में शामिल होने के लिए अमेरिका में हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी वायुसेना की 'सूर्य किरण' विमान एयरोबैटिक्स टीम और 'सारंग' हेलीकॉप्टर टीम आकषर्ण का केंद्र बनी रहीं। इन टीमों की ओर से शानदार करतब दिखाए गए।

इस मौके पर नाइक ने 55 कर्मियों को पुरस्कृत किया। मुंबई में पिछले साल नवंबर में हुए आतंकी हमलों के दौरान बहादुरी दिखाने के लिए चार कर्मियों को सम्मानित किया गया।