शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By वार्ता

लालू यादव ने की तंत्र साधना

लालू यादव ने की तंत्र साधना -
FILE
मिर्जापुर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव एक बार फिर विन्ध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विन्ध्यवासिनी की शरण में हैं।

यादव कल यहां विन्ध्य पर्वत पर स्थित तंत्र साधना के साधक अपने गुरु विभूति नारायण उर्फ पगला बाबा के आश्रम में विशेष अनुष्ठान के लिए आए थे। यादव का यह अनुष्ठान स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सफलता को लेकर देखा जा रहा है।

असल में विश्वप्रसिद्ध विन्ध्याचल धाम आध्यात्मिक क्षेत्र के लिए जाना जाता है। साधु, संत, महात्मा आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त करने के लिए यहां आते हैं। आमजन अपनी मनोकामनापूर्ति की अभिलाषा से यहां मां की आराधना करते हैं।

यह क्षेत्र तांत्रिक विद्या का भी एक बड़ा केन्द्र है। तंत्र साधना द्वारा सफलता के लिए लोग यहां आते हैं। विश्वप्रसिद्ध विन्ध्य क्षेत्र में तंत्र साधना द्वारा सम्मोहन आदि के साथ विशेष सफलता के लिए भी यज्ञ-अनुष्ठान आदि किए जाते हैं।

तमाम राजनीतिक हस्तियों के लिए यहां किए गए यज्ञ चर्चाओं में रहे हैं जिसमें 1977 में चुनावों के असफलता के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी के लिए किया गया यज्ञ सुर्खियों में था। उन्हें 1980 में सफलता मिली थी। देश के तमाम राजनेता सफलता के लिए मां के दरबार में हाजिरी लगाते रहते हैं।

यादव का यहां तंत्र साधक पगला बाबा के आश्रम में चक्कर लगाना अनुष्ठान यज्ञ में शामिल होना चर्चाओं को जन्म दे गया है। इससे पूर्व यादव नवरात्र के दिनों में भी यहा आए थे, तब भी उन्होंने रात्रि विश्राम कर मंगला पूजन किया था।

इस बार भी उसी की पुनरावृत्ति है, हालांकि यह यज्ञ गुप्त है। उनके पुरोहित पंडित भी इस विषय पर कुछ बोलने से कतरा रहे हैं, पर यादव द्वारा पूजन का विधान स्वयं कुछ इशारा कर रहा है। भले ही यादव इसे निजी धार्मिक यात्रा बता रहे हैं, पर रहस्य अब रहस्य नहीं है। लोग इसे आगामी चुनावी सफलता से जोड़ रहे हैं। (वार्ता)