शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

भारतीय जाँच दल काबुल में

भारतीय जाँच दल काबुल में -
भारतीय जाँचकर्ताओं का एक दल काबुल में है, जो वहाँ पिछले शुक्रवार को हुए आतंकी हमले की जाँच में अफगानिस्तान के अधिकारियों के साथ शामिल होगा।

पिछले शुक्रवार को काबुल में उन पुनर्निर्माण परियोजना स्थलों को निशाना बनाया गया था, जिससे भारतीय जुड़े हुए थे। यह दल राष्ट्रीय सुरक्षा सलहकार शिवशंकर मेनन के वहाँ आने से पहले पहुँच गया। अपनी काबुल यात्रा के दौरान मेनन अफगानिस्तान में विकास परियोजनाओं में शामिल भारतीयों की सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

यात्रा के दौरान मेनन की राष्ट्रपति हामिद करजई समेत प्रमुख लोगों से मुलाकात करने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय जाँचकर्ताओं के दल में गृह और रक्षा मंत्रालय के अधिकारी शामिल हैं। दल को हमले में शामिल समूह और व्यक्तियों के बारे में साक्ष्य जुटाने को कहा गया है, जिसमें दो मेजर स्तर के सैन्य अधिकारियों समेत छह भारतीय मारे गए थे और 10 अन्य घायल हो गए थे।

अफगानिस्तान ने काबुल में हुए इस आतंकी हमले की जाँच के लिए पाँच सदस्यों वाले एक जाँच दल का गठन किया है। यह आतंकी हमला 26/11 की तर्ज पर किया गया, जिसमें छह से आठ आतंकवादी बम विस्फोट करते हुए दो होटलों में घुस गए और वहाँ रहने वाले भारतीयों को ढूँढ़-ढूँढ़कर निशाना बनाया। प्रारंभिक जाँच में इस घटना में तालिबान के शामिल होने के संकेत मिले हैं, इसमें विशेष तौर पर हक्कानी ग्रुप और लश्कर-ए-तैयबा के कुछ तत्वों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।

सूत्रों ने बताया कि भारतीय अधिकारियों को निशाना बनाकर किए गए पिछले आतंकी हमलों में जहाँ उच्चायोग जैसे किलेबंद प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, वहीं इस बार आतंकवादियों की रणनीति में बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि रणनीति में आए इस बदलाव को देखते हुए भारत ने अपनी सुरक्षा की समीक्षा शुरू कर दी है और इस विषय पर अफगानिस्तान के अधिकारियों से चर्चा शुरू कर दी गई है। (भाषा)