भारत के प्रमुख उद्योगपति
वेबदुनिया डेस्क
वर्तमान में जहां दुनिया भर की अर्थव्यवस्था स्थायित्व प्राप्त करने के लिए जूझ रही है, वहीं भारत को आर्थिक रूप से मजबूत देश कहा जा रहा है। 2008 की मंदी से जिन देशों की अर्थव्यवस्थाओं से मजबूती से मुकाबला किया, उनमें भारत का नाम अग्रणी रहा।विशषज्ञों के अनुमान के मुताबिक आने वाले समय में वैश्विक अर्थव्यवस्था के पटल पर भारत की धूम होगी। भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में यहां के उद्योगपतियों ने अहम भूमिका निभाई है। जानते हैं देश के प्रमुख उद्योगपतियों के बारे में।
मुकेश अंबानी
मुकेश अंबानी भारत के सबसे सफल उद्योगपति होने के साथ ही लगभग 43 अरब डॉलर की निजी संपत्ती के साथ दुनिया के पांचवें सबसे अमीर आदमी। वे रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक और कंपनी के सबसे बड़े शेयर धारक हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ता है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी का 27 मंजिलों वाला नया घर 'अंतिला' दुनिया का सबसे महंगा घर है। इसकी कीमत 4500 करोड़ रुपए बताई जाती है। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की साख पूरी दुनिया में है। मुकेश अंबानी न केवल भारत के बल्कि विश्व के प्रमुख उद्योगपतियों में शुमार हैं।
अनिल अंबानी
मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल 13.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के सबसे सफल उद्योगपतियों में शुमार किए जाते है। वे रिलायंस अनिल धीरुभाई अंबानी ग्रुप के अध्यक्ष हैं। साल 2010 के आंकड़ों के अनुसार वे 13.7 अरब डॉलर की निजी संपत्ति के साथ चौथे सबसे अमीर भारतीय हैं।