कांग्रेस ने निर्णय का स्वागत किया
कांग्रेस ने गुरुवार को उच्चतम न्यायालय द्वारा अयोध्या में बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि स्वामित्व विवाद पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के कल दिए जाने वाले फैसले पर एक सप्ताह के लिए रोक लगाने के निर्णय का स्वागत किया है।पार्टी का शुरू से यह मानना रहा है कि इस समस्या का समाधान या तो बातचीत के जरिये हो सकता है या ऐसा संभव न होने पर अदालत का फैसला सभी को स्वीकार्य होना चाहिए।पार्टी महासचिव और मीडिया विभाग के प्रमुख जर्नादन द्विवेदी ने कहा कि दोनों नजरियों से यह उच्चतम न्यायालय की भावना नजर आती है। इसीलिए सभी को इसका स्वागत करना चाहिए। उच्चतम न्यायालय ने अयोध्या में बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि स्वामित्व विवाद पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 24 सितम्बर को सुनाए जाने वाले फैसले पर एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी है और मामले की अगली सुनवाई की तिथि 28 सितम्बर तय की है।उच्चतम न्यायालय ने रमेशचन्द्र त्रिपाठी की याचिका पर सभी संबद्ध पक्षों को नोटिस जारी किया है। त्रिपाठी ने अपनी याचिका में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती दी थी जिसमें स्वामित्व विवाद पर फैसला टालने से रोक लगाने से इंकार कर दिया गया था। (भाषा)