Last Modified: नई दिल्ली (भाषा) ,
सोमवार, 8 जून 2009 (16:46 IST)
करिया मुंडा लोकसभा उपाध्यक्ष बने
भाजपा के वरिष्ठ नेता करिया मुंडा को सोमवार को सर्वसम्मति से लोकसभा का उपाध्यक्ष चुन लिया गया।
संप्रग द्वारा उपाध्यक्ष के पद की पेशकश विपक्ष को किए जाने के बाद नेताओं ने झारखंड से सात दफा सांसद आदिवासी नेता मुंडा को इस पद के लिए समर्थन दिया। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने मुंडा को सदन का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
लोकसभा में उपाध्यक्ष का पद 1977 से ही विपक्ष को पेशकश किए जाने की परंपरा है। उपाध्यक्ष पद के लिए मुंडा के नाम का प्रस्ताव विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रखा, जिसका अनुमोदन भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने किया।
मुंडा के पक्ष में नामांकन-पत्र दाखिल करने वाले अन्य लोगों में जद(यू) के शरद यादव, शिवसेना के अनंत गीते, शिरोमणि अकाली दल के रतनसिंह अजनाला और रालोद के अजितसिंह शामिल हैं।
संप्रग की ओर से वित्तमंत्री और सदन के नेता प्रणब मुखर्जी ने मुंडा के नाम का प्रस्ताव किया, जिसका अनुमोदन संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने किया। समर्थन करने वाले अन्य नेताओं में राकांपा के शरद पवार, तृणमूल के सुदीप बंदोपाध्याय, द्रमुक के टीआर बालू, सपा के रेवती रमणसिंह और मुस्लिम लीग के ई. अहमद भी शामिल थे।