शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
Written By भाषा

भाजपा में मेरे खिलाफ साजिश हुई-कल्याण

भाजपा में मेरे खिलाफ साजिश हुई-कल्याण -
पूर्व भाजपा नेता कल्याणसिंह ने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी के कुछ नेताओं ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद उन्हें उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री पद से अपदस्थ करने की साजिश रची थी क्योंकि वे पिछड़े वर्ग के नेता हैं।

सिंह ने बातचीत में कहा कि मस्जिद ढहाए जाने के संबंध में मुझे अँधेरे में रखा गया और कहा गया था कि कुछ नहीं होगा। इसके पीछे भाजपा का षड्यंत्र था। कारसेवा समर्थक दो बड़े नेताओं ने उच्चतम न्यायालय को लिखित आश्वासन दिया था कि अयोध्या में केवल सांकेतिक कारसेवा होगी।

कल्याण ने कहा कि दो भाजपा नेताओं पर विश्वास कर उन्होंने उच्चतम न्यायालय से कहा कि हाँ मैं मस्जिद को सुरक्षा मुहैया कराऊँगा।

उन्होंने कहा कि मैं इतना कह सकता हूँ कि उस समय भाजपा के नेता संभवत: मुझे मुख्यमंत्री पद से हटाने की सोच रहे थे क्योंकि मैं पिछड़े वर्ग से आता हूँ, जो पार्टी को अस्वीकार्य है। इससे पहले लालूप्रसाद ने कहा था कि वे (कल्याण) बाबरी मस्जिद विध्वंस के दोषी हैं। वे सपा के सदस्य नहीं हैं।

लालू के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कल्याण ने कहा वे मेरे अतीत की बात कर रहे हैं। उन्हें वर्तमान की बात करनी चाहिए और आज जो सच्चाई है, मैं उसे लेकर सुकून महसूस करता हूँ।