• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: जोहानसबर्ग (भाषा) , रविवार, 23 सितम्बर 2007 (21:53 IST)

युवराज प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट की दौड़ में

युवराज प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट की दौड़ में -
शाहिद अफरीदी ट्वेंटी-20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं, लेकिन युवराजसिंह सोमवार को होने वाले फाइनल में इस पाकिस्तानी ऑलराउंडर को इस सम्मान की दौड़ में पछाड़ सकते हैं।

अफरीदी अभी तक सात मत हासिल करके इस तालिका में सबसे आगे चल रहे हैं, लेकिन उनके अलावा चार अन्य ऐसे खिलाड़ी हैं, जो उन तक पहुँच सकते हैं। इनमें युवराज को छोड़कर मिशबाह उल हक, यूनिस खान और शोएब मलिक तीनों अफरीदी के साथी हैं।

युवराज के अलावा स्टुअर्ट क्लार्क, सनथ जयसूर्या और मोर्ने मोर्कल तीनों को छह-छह मत मिले हैं। अफरीदी अभी 12 विकेट लेकर क्लार्क के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने इसके अलावा 45 गेंद पर 91 रन भी बनाए हैं।

इसके विपरीत युवराज ने केवल 57 गेंद पर 134 रन ठोके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 235.08 है, जो टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ है। अफरीदी का नंबर युवराज के बाद आता है।

युवराज ने अब तक 12 छक्के लगाए हैं, जिनमें स्टुअर्ट ब्राड के एक ओवर में छह छक्के जमाने का कारनामा भी शामिल है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ केवल 16 गेंद पर 58 रन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 30 गेंद पर 70 रन बनाए।