विदेशी मुद्रा भंडार 262 अरब डॉलर के पार
विदेशी मुद्रा भंडार 26 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में 262 अरब 45 करोड़ डॉलर के नए रिकॉर्ड पर पहुँच गया है।विश्लेषकों के अनुसार रुपए की मजबूती पर अंकुश लगाने के लिए रिजर्व बैंक के भारी हस्तक्षेप की वजह से देश में विदेशी मुद्रा का भंडार बढ़ते जा रहा है।इससे पहले 19 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 261 अरब 14 करोड़ 30 लाख डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर था। पिछले साल 27 अक्तूबर को यह भंडार 167 अरब 09 करोड़ 20 लाख डॉलर था।रिजर्व बैंक द्वारा जारी आँकड़ों के अनुसार 26 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियाँ एक सप्ताह पहले के 253 अरब 32 करोड़ 40 लाख डॉलर से बढ़कर 254 अरब 62 करोड़ 90 लाख डॉलर हो गई।आलोच्य सप्ताह में भी सोना भंडार 7 अरब 36 करोड़ 70 लाख डॉलर और विशेष निकासी अधिकार की राशि 1 करोड़ 30 लाख डॉलर पर टिकी रही।अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास रखी सुरक्षित राशि 43 करोड़ 90 लाख डॉलर से बढ़कर 44 करोड़ 10 लाख डॉलर पर पहुँच गई।पिछले साल 27 अक्टूबर को सोना भंडार 6 अरब 20 करोड़ 20 लाख डॉलर विशेष निकासी अधिकार की राशि 70 लाख डॉलर तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास रखी राशि 64 करोड़ 70 लाख डॉलर के बराबर थी।