• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011
Written By भाषा
Last Modified: मुंबई , रविवार, 8 मई 2011 (00:07 IST)

मुंबई ने तोड़ा दिल्ली का दिल

डेयरडेविल्स 32 रन से पराजित

मुंबई ने तोड़ा दिल्ली का दिल -
अंबाती रायडू और रोहित शर्मा की संकल्पपूर्ण पारियों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल में शनिवार को यहाँ दिल्ली डेयरडेविल्स को 32 रन से हरा दिया।

लगातार तीसरी जीत के साथ मुंबई का प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई करना लगभग तय हो गया है जबकि दिल्ली की टीम खिताब की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। मुंबई 10 मैचों में आठ जीत से 16 अंक जुटाकर शीर्ष पर बरकरार है, जबकि दिल्ली की 11 मैचों में यह सातवीं हार है। टीम आठ अंक के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।

रायडू ने 39 गेंद की अपनी पारी में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। उन्होंने रोहित शर्मा (32 गेंद में 49 रन, दो चौके और तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी भी की जिसकी मदद से मुंबई ने चार विकेट पर 178 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मुंबई की ओर से एडन ब्लिजार्ड ने भी 37 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।

इसके जवाब में दिल्ली की टीम जेम्स होप्स (44 गेंद में 55 रन, 10 चौके) की उम्दा पारी के बावजूद 19.5 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। होप्स ने वेणुगोवाल राव (37) के साथ पांचवें विकेट के लिए 87 की साझेदारी भी की।

दो चेतावनी के बाद गेंदबाजी से हटाए गए मुंबई की ओर से लसिथ मलिंगा ने 3.2 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट चटकाए। हरभजन, कीरोन पोलार्ड और मुनाफ पटेल ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए दो-दो विकेट हासिल किए।

दिल्ली की शुरुआत काफी खराब रही और उसने सात रन के स्कोर तक ही डेविड वार्नर (01), कोलिन इनग्राम (01), कप्तान वीरेंद्र सहवाग (02) और नमन ओझा (01) के विकेट गंवा दिए। हरभजन ने पारी के पहले ओवर में ही वार्नर को पगबाधा आउट किया जबकि मलिंगा ने अपनी पहली ही गेंद पर इनग्राम के विकेट बिखेर दिए।

तेंडुलकर ने तीसरे ओवर में जब गेंद मुनाफ को थमाई तो उन्होंने पिछले मैच में शतक जड़ने वाले सहवाग और ओझा को पैवेलियन भेजकर दिल्ली की बल्लेबाजी की रीढ़ ही तोड़ दी। मुनाफ की पहली ही गेंद को पुल करने की कोशिश में सहवाग हवा में लहरा गए और रोहित ने आसान कैच लपका। ओझा ऑफ साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर रायडू को कैच दे बैठे।

होप्स और वेणुगोपाल ने 87 रन जोड़कर विकेटों के पतझड़ पर विराम लगाया, लेकिन इस साझेदारी की शुरुआत में मुंबई के गेंदबाज हावी रहे और पॉवरप्ले के छह ओवर में केवल 23 रन बने।

होप्स ने धीरे-धीरे हाथ खोलने शुरू किए और धवल कुलकर्णी पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद मुनाफ पर भी दो चौके मारे। वे हालाँकि भाग्यशाली रहे जब 23 रन के निजी स्कोर पर मलिंगा की गेंद पर मुनाफ ने उनका कैच छोड़ दिया।

वेणुगोपाल ने भी एंड्रयू साइमंड्स की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। कुलकर्णी ने वेणुगोपाल को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 27 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा।

इरफान पठान (23) ने मुनाफ की गेंद पर एक रन के साथ 15.1 ओवर में टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचाने के बाद उन पर लगातार दो चौके भी मारे। होप्स ने इस बीच हरभजन की गेंद पर एक रन के साथ 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

दिल्ली की टीम को जीत के लिए अंतिम चार ओवर में 65 रन की दरकार थी, जो लक्ष्य उसके लिए काफी अधिक साबित हुआ। पठान ने हरभजन की लगातार गेंदों को चार रन के लिए भेजा, लेकिन होप्स इसी ओवर में अपने साथी बल्लेबाज के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए और दिल्ली की रही-सही उम्मीद भी टूट गई।

इससे पहले मुंबई इंडियन्स को ब्लिजार्ड और सचिन तेंडुलकर (14) की सलामी जोड़ी ने 5.2 ओवर में 50 रन जोड़कर तूफानी शुरुआत दिलाई, दिलाई लेकिन ये दोनों लगातार ओवरों में पैवेलियन लौट गए।

ब्लिजार्ड ने शुरू से ही मोर्ने मोर्कल को निशाने पर रखा। दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज के पहले ओवर में दो चौकों से शुरुआत करने के बाद ब्लिजार्ड ने उनके अगले ओवर में पांच बार गेंद को सीमा रेखा के दर्शन कराए।

तेंडुलकर ने पठान पर दो चौके लगाए। बाएँ हाथ के इस तेज गेंदबाज ने हालांकि पाँचवें ओवर में नीची रहती गेंद पर मुंबई इंडियन्स के कप्तान के विकेट बिखेरकर बदला चुकता कर लिया।

बाएँ हाथ के स्पिनर शाहबाज ने अपने पहले ओवर में ब्लिजार्ड को मिड विकेट पर कप्तान सहवाग के हाथों कैच कराकर टीम को दूसरी सफलता दिलाई। ब्लिजार्ड ने 23 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके लगाए।

रायडू और रोहित ने इसके बाद पारी को संवारा। रोहित ने धीमी शुरुआत की लेकिन लय में आने के बाद आकषर्क शॉट खेले। रायडू ने अजित अगरकर की गेंद को डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री के ऊपर से छह रन के लिए भेजा जबकि रोहित ने अगले ओवर में मोर्कल पर सीधा छक्का जड़कर 12.3 ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

रोहित ने इसके बाद आक्रामक रुख अपनाते हुए 15वें ओवर में होप्स पर दो छक्के जड़े। मोर्कल की गेंद पर वेणुगोपाल राव को कैच देकर मात्र एक रन से अर्धशतक से चूक गए।

रायडू ने नदीम की लगातार गंेदों पर छक्के और चौके के साथ सिर्फ 35 गेंद में आईपीएल का अपना छठा अर्धशतक पूरा किया। वह अगले ओवर में होप्स की गेंद पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद पीछे हटकर खेलने की कोशिश में हिट विकेट होकर पैवेलियन लौटे। (भाषा)