शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

मैडम तुसाद संग्रहालय में मिशेल ओबामा भी

मैडम तुसाद संग्रहालय में मिशेल ओबामा भी -
अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा के मोम के पहले पुतले का यहाँ स्थित मैडम तुसाद संग्रहालय में अनावरण हुआ।

वॉशिंगटन स्थित मैडम तुसाद संग्रहालय का कल पहला दिन था और इसमें रखी प्रतिकृतियाँ निहारने के लिए लोगों को कतार में खड़े देखा गया।

मिशेल ओबामा के मोम के पुतले में उन्हें लाल और हल्के जामुनी रंग का बिना बाजू वाला पारंपरिक डिजाइनदार परिधान पहने दिखाया गया है। यही पोशाक उन्होंने अपने पति बराक ओबामा का अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी से नामांकन तय होने के दिन पहनी थी।

सीएनएन ने खबर दी प्रथम महिला मिशेल ओबामा मंगलवार को वॉशिंगटन में नहीं थीं लेकिन एफ स्ट्रीट पर हलचल से उनके होने की कल्पना की जा सकती थी। संग्रहालय के बाहर दोपहर तक कतार लग गई, वहीं परिसर के अंदर संग्रहालय के भव्य उद्घाटन के मौके पर मीडिया और दर्शक मौजूद थे।

मिशेल का मोम का पुतला संग्रहालय में ओवल ऑफिस की प्रतिकृति में रखा गया है। इसमें राष्ट्रपति ओबामा का पुतला भी है, जो फरवरी 2008 में बनकर तैयार हुआ था।

संग्रहालय के कलाकारों ने दिसंबर में मोम का पुतला बनाने की शुरुआत की थी। मिशेल ने कलाकारों के समक्ष पोज नहीं दिया। इसके चलते मिशेल की तस्वीरों और वीडियो फुटेज देखकर उनका पुतला बनाया गया।

संग्रहालय के प्रवक्ता शमेका लॉयड ने कहा कि सबसे मुश्किल यह था कि पुतले को किस स्वरूप में पेश किया जाए।

प्रवक्ता ने कहा जब कभी मिशेल ओबामा कहीं प्रवेश करती हैं तो लोगों की साँसें थम जाती हैं। वे काफी फैशनेबल हैं। वे एक अच्छी माँ और अच्छी पत्नी हैं। लिहाजा हमें उम्मीद है कि हम प्रथम महिला के इस स्वरूप को पेश कर सके हैं।

मिशेल ओबामा अमेरिका की उन तीन प्रथम महिलाओं में से एक हैं, जिनका मैडम तुसाद संग्रहालय ने मोम का पुतला बनाया है। बीते वर्षों में संग्रहालय ने जैक्युलिन कैनेडी ओनासिस और हिलेरी क्लिंटन के पुतले भी बनाए हैं।

लॉयड के अनुसार संग्रहालय ने मिशेल ओबामा के बारे में जनता में गहरी दिलचस्पी होने के चलते उनका पुतला बनाने का फैसला किया।

जब से मिशेल के पति बराक ओबामा अमेरिकी राष्ट्रपति बने हैं तब से उनकी लोकप्रियता में अभूतपूर्व इजाफा हुआ है। उनका फैशन उतनी ही सुर्खियों में रहता है जितना किसी सुपर माडल का होता है।