शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

महिला पत्रकारों को 12-12 साल की सजा

महिला पत्रकारों को 12-12 साल की सजा -
उत्तर कोरिया की एक अदालत ने अवैध रूप से सीमा पार करने और असंख्य गंभीर अपराधों के लिए अमेरिका की दो महिला पत्रकारों को 12-12 साल की सजा सुनाई है।

कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी की खबरों में कहा गया है कि उन लोगों ने कोरिया राष्ट्र के खिलाफ जो गंभीर अपराध किया है वह सुनवाई के दौरान साबित हो गया है। अवैध रूप से सीमा पार करने का मामला भी साबित हो चुका है।

इसमें कहा गया है कि पाँच दिन की सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें प्रत्येक को 12 साल तक श्रम कर स्वयं को सुधारने की सजा सुनाई है।

उत्तर कोरिया ने पिछले महीने की 25 तारीख को परमाणु परीक्षण करने और लंबी दूरी तक मार करने वाले रॉकेट के कथित रूप से परीक्षण की योजना के बाद अमेरिका के साथ बढ़े तनाव में इस सजा के बाद और बढ़ोतरी होगी।

अमेरिकी विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा था कि दोनों पर लगाए गए आरोप निराधार हैं और उन लोगों को वापस घर लौटने की अनुमति दी जानी चाहिए।

हिलेरी ने यह भी कहा कि परमाणु परीक्षण करने के बाद उत्तर कोरिया को फिर से आतंकवाद की अपनी काली सूची में शामिल करने पर अमेरिका विचार कर रहा है।

लौरा लिंग और इउना ली नामक अमेरिकी पत्रकारों को उत्तर कोरिया सीमा सुरक्षा बलों ने 17 मार्च को हिरासत में ले लिया था।