शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: लंदन , मंगलवार, 10 जुलाई 2012 (15:49 IST)

भारत ने खरीदे गांधी से जुड़े दस्तावेज : सोथबी

भारत ने खरीदे गांधी से जुड़े दस्तावेज : सोथबी -
FILE
भारत ने महात्मा गांधी से जुड़े हजारों पत्र और दस्तावेज सहित अन्य दुर्लभ सामान खरीदा है। इस अभिलेखागार में गांधी के वास्तुविद हर्मन कालेनबाख के साथ उनके विवादित रिश्ते से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं।

नीलामीकर्ता ‘सोथबी’ ने कहा कि यह करार एक ‘निजी सौदे’ के तहत किया गया है। हालांकि उन्होंने इस बारे में खुलासा नहीं किया कि भारत सरकार ने इन दस्तावेजों के लिए कितना धन चुकाया।

नीलामीकर्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वह यह घोषणा करते हुए बहुत खुश है कि गांधी. कालेनबाख अभिलेखागार को एक निजी सौदे में भारत सरकार को बेच दिया गया है।

इन अभिलेखों की पहले 10 जुलाई 2012 को नीलामी होना थी, लेकिन नीलामीकर्ता और भारतीय संस्कृति मंत्रालय के बीच शुक्रवार को करार होने के बाद नीलामी रद्द कर दी गई।

अभिलेखागार को शोधकर्ताओं और इतिहासकारों के लिए बेहतरीन संसाधन माना जा रहा है। संस्कृति मंत्रालय के विशेषज्ञों के एक दल ने हाल में इन दस्तावेजों की जांच की थी, जिन्होंने इसे बहुत अच्छी तरह से संरक्षित किया हुआ बताया था।

इन दस्तावेजों में कई ऐसे पत्र भी शामिल हैं, जो गांधी और दक्षिण अफ्रीकी मित्र कालेनबाख के बीच विवादित रिश्ते पर प्रकाश डालते हैं। (भाषा)