शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: संयुक्त राष्ट्र , शुक्रवार, 6 अप्रैल 2012 (12:47 IST)

भारत और चीन में बढ़ेंगी शहरी आबादी

भारत और चीन में बढ़ेंगी शहरी आबादी -
FILE
अगले चार दशक के दौरान भारत और चीन की शहरी जनसंख्या में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इससे दोनों देशों के सामने रोजगार, घर, बिजली और बुनियादी सुविधा मुहैया कराने की चुनौती होगी।

संयुक्त राष्ट्र के ‘2011 रिविजन ऑफ द वर्ल्ड अर्बनाइजेशन प्रोसपेक्ट’ में कहा गया है कि अफ्रीका और एशिया अगले चार दशकों में वैश्विक शहरीकरण के मामलों में जनसंख्या वृद्धि में सबसे आगे होंगे। इसमें भारत, चीन, नाइजीरिया, अमेरिका और इंडोनेशिया की शहरी जनसंख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

वर्ष 2010 से लेकर 2050 तक भारत में 49.7 करोड़ और अधिक शहरी आबादी जुड़ जाएगी जबकि इसी समयावधि के दौरान चीन में 34.1 करोड़ लोग, नाइजीरिया में 20 करोड़, अमेरिका में 10.3 करोड़ और इंडोनेशिया में 9.2 करोड़ और लोग शहरों में रहने लगेंगे।

वर्ष 2010 और 2050 के बीच भारत और इंडोनेशिया में शहरी आबादी में वृद्धि का अनुमान पिछले 40 सालों की तुलना में अधिक होगा। यह प्रवृ‍‍‍‍‍त्ति विशेषकर नाइजीरिया की दृष्टि से काफी मायने रखती है जहां पर शहरी जनसंख्या वर्ष 1970 और 2010 के बीच केवल 6.5 करोड़ ही बढ़ी, लेकिन 2010 और 2050 के बीच इसमें 20 करोड़ लोगों की वृद्धि का अनुमान है।

विश्व के सभी देशों में वृद्धि के मामले में इस देश का तीसरा स्थान रहेगा। अफ्रीका की शहरी आबादी 2050 तक 41.4 करोड़ से बढ़कर 1.2 अरब से ऊपर हो जाएगा जबकि एशिया की आबादी 1.9 अरब से बढ़कर 3.3 अरब हो जाएगी।

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि दोनों क्षेत्रों को मिलाकर विश्व की शहरी आबादी का 86 प्रतिशत हिस्सा इन क्षेत्रों में निवास करेगा। शहरी जनसंख्या में इस तरह ‘अभूतपूर्व’ वृद्धि से एशिया और अफ्रीका को शिक्षा और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार के लिए नया अवसर मिलेगा।

हालांकि संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि इस चलन से शहरों में नौकरी, घर, और बिजली प्रदान करने की नई चुनौतियां प्रस्तुत होंगी। इसके अलावा शहरी गरीबी को कम करने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास, मलिन बस्तियों का विस्तार कुछ अन्य चुनौतियां होंगी। इसके साथ ही शहरी पर्यावरण में गिरावट भी बढ़ेगी। (भाषा)