शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

चीन ने अमेरिका से सैन्य संबंध तोड़े

चीन ने अमेरिका से सैन्य संबंध तोड़े -
ताईवान को 6.5 अरब डॉलर की हथियार बिक्री के अमेरिकी पैकेज के विरोध में चीन ने अमेरिका के साथ अपने सैन्य और राजनयिक संपर्क रद्द करते हुए बुश प्रशासन पर माहौल को विषैला बनाने का आरोप लगाया, जिससे ताजा गतिरोध उत्पन्न हुआ है।

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता कीन गांग ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी पक्ष ने गंभीतापूर्वक दोनों देशों के सैन्य बलों के बीच उच्चस्तरीय सम्पर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों एवं सम्पर्कों के आदान-प्रदान का मार्ग अवरुद्ध कर दिया है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य सम्पर्क को नुकसान पहुँचाने समेत वर्तमान स्थिति की जिम्मेदारी अमेरिका को उठानी चाहिए। ताइवान को हथियारों की बिक्री की योजना पर कीन ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को हुए नुकसान के लिए अमेरिका जिम्मेदार है।

गौरतलब है कि ताइवान को चीन अपना एक विद्रोही प्रांत मानता है। उन्होंने कहा कि चीन हमेशा से अमेरिका के साथ सैन्य संबंधों को तवज्जो देता है और इसे आगे बढ़ाने के लिए उसने सक्रियता से काम किया है।

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मैरीन मेजर स्टीवर्ट अपटन ने बताया कि चीन ने अमेरिका को सूचना भेजी है कि वह बड़े स्तर के अधिकारियों के दौरों और दोनों देशों की सेना के बीच सहयोग की योजनाओं पर आगे नहीं बढ़ेगा।