शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

26/11 के हमलावरों को भारत से समर्थन

26/11 के हमलावरों को भारत से समर्थन -
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने बुधवार को दावा किया कि मुंबई संहार के हमलावरों को भारत के अंदर से ही महत्वपूर्ण समर्थन मिला था और कहा कि उनकी देश की अदालतों में आरोपियों पर प्रभावी अभियोजन चलाने के लिए पाकिस्तान को भारत के सहयोग की जरूरत है।

जरदारी ने दि इंडिपेंडेंट को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि मुंबई हमलों को लेकर हमारी जाँच जारी है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान को मुंबई के एक शवगृह में अब भी रखे गए नौ आतंकवादियों के शवों के बारे में कोई जानकारी है, जरदारी ने कहा कि हो सकता है कि इनमें से कुछ आतंकवादी पाकिस्तान में जन्मे हों, लेकिन हमारा मानना है कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय था और इसे भारत के अंदर से ही समर्थन मिला था।

मुंबई हमलों की जाँच में सहयोग के लिए पाकिस्तान के पर्याप्त समर्थन नहीं देने के भारत के आरोप के बारे में पूछने पर जरदारी ने कहा मेरे विचार से भारत सरकार हमारे सहयोग के स्तर से असंतुष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमने मदद की पेशकश दी और हमने मदद की भी। हमने उन संगठनों के लोगों की कुछ महत्वपूर्ण गिरफ्तारियाँ कीं, जो मुंबई हमलों में संलिप्त हो सकते है।

जरदारी ने कहा कि लेकिन इन आरोपियों पर हमारी अदालत में प्रभावी अभियोजन चलाने को लेकर मामला मजबूत करने के लिए हमें भारत से सहयोग की जरूरत है। इनमें से कई उग्रवादी वे ही लोग हैं, जो हमारे ही देश के भीतर आतंकवादी कृत्य को अंजाम देते हैं।