• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

जलवायु परिवर्तन पर जोर देगा संयुक्त राष्ट्र

जलवायु परिवर्तन
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों को वर्ष 2010 के लिए विश्व संस्था की प्राथमिकता बताया है। उन्होंने सहस्राब्दि विकास लक्ष्यों (एमडीजी) की वकालत करने वाले समूह के गठन का ऐलान भी किया, जिसमें वैश्विक हस्तियाँ शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि सितंबर में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर एमडीजी पर विशेष सम्मेलन कराया जाएगा, ताकि गरीबी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों पर कुछ ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सके।

बान ने कहा दस वर्ष पूर्व विश्व नई सदी में आ चुका है, जिसमें उसे अत्यधिक गरीबी से निपटना है, विकास करना है और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से धरती को बचाना है।

विश्व संस्था के महासचिव ने कहा हमने सहस्राब्दि विकास लक्ष्यों में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन 2015 के लिए समय बहुत कम है और रास्ता बहुत लंबा है।

उन्होंने इस साल को जलवायु परिवर्तन पर काम करने का वर्ष बताते हुए कोपेनहेगन सम्मेलन पर अफ्रीकी देशों के नेताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। (भाषा)