शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By वार्ता

अन्नान ने की जिम्बॉब्वे की मदद की अपील

अन्नान ने की जिम्बॉब्वे की मदद की अपील -
संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान ने जिम्बाब्वे में विपक्ष द्वारा राबर्ट मुगाबे के साथ सरकार में शामिल होने पर सहमत होने के बाद विश्व के सम्पन्न देशों से जिम्बॉब्वे की खस्ताहाल अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने में मदद का आह्वान किया है।

उल्लेखनीय है कि विपक्षी नेता मोर्गन स्वांगगिरई ने शुक्रवार को घोषणा की कि वे राष्ट्रपति राबर्ट मुगाबे के साथ मिलकर अगले महीने सरकार का गठन करेंगे। इसके बाद जिम्बाब्वे में राजनीतिक और आर्थिक संकट को बढ़ाने वाला मुख्य संकट टल गया।

अन्नान ने कहा कि जिम्बॉब्वे में राजनीतिक अनिश्चितता समाप्त करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। हालाँकि इससे अभी इस बात की गारंटी नहीं मिली है कि देश में संकट पूरी तरह टल गया है। देश की अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने और लोगों के संकट को दूर करने में राजनीतिक नेताओं को और समय लगेगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय नेताओं को भी मदद करनी होगी।

जिम्बॉब्वे की अर्थव्यवस्था किसी समय में अफ्रीका की सबसे समृद्ध अर्थव्यवस्थाओं में से एक थी, लेकिन वर्तमान समय में उसकी आधे से अधिक जनसंख्या को खाद्य मदद की आवश्यकता है। देश में फैले हैजे ने करीब 3100 लोगों की जिंदगियों को लील लिया है और 60 हजार लोग इससे संक्रमित हैं।