1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. bigg boss season 20 faisal khan contestant list salman khan show latest update

Bigg Boss 20: क्या सलमान खान के शो में दिखेगा पारिवारिक ड्रामा? आमिर खान के भाई फैसल खान की एंट्री की चर्चा तेज

Bigg Boss 20
भारतीय टेलीविजन का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' जल्द ही दस्तक देने जा रहा है। 6 सितंबर से शुरू हो रहे इस ग्रैंड शो को एक बार फिर बॉलीवुड के 'दबंग' सलमान खान होस्ट करते नजर आएंगे। मेकर्स ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कंटेस्टेंट्स की लिस्ट जारी नहीं की है, लेकिन अफवाहों का बाजार गर्म हो चुका है। 
 
इस बार जिस नाम ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वह है बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान के छोटे भाई और अभिनेता फैसल खान। वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फैसल खान इस बार बिग बॉस के 20वें सीजन का हिस्सा बन सकते हैं। अगर ये खबरें सच साबित होती हैं, तो यह फैसल खान का किसी भी रियलिटी टीवी शो में पहला डेब्यू होगा।  
2022 में ठुकरा दिया था ऑफर
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब मेकर्स ने फैसल से संपर्क किया है। इससे पहले साल 2022 में 'बिग बॉस 16' के लिए भी फैसल खान को अप्रोच किया गया था, लेकिन उस दौरान उन्होंने इस शो में जाने से साफ इनकार कर दिया था।  
 
चार साल बाद अब फैसल खान के मन बदलने की खबरें आ रही हैं। फैंस के लिए यह एंट्री बेहद दिलचस्प इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि शो के होस्ट सलमान खान और आमिर खान के बीच दशकों पुरानी गहरी दोस्ती है। ऐसे में फैसल का शो में आना और सलमान का उन्हें गाइड करना काफी दिलचस्प मोड़ ले सकता है।  
 
'मदहोश' से करियर की शुरुआत, लेकिन पारिवारिक विवादों ने घेरा  
फैसल खान ने 1994 में आई रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'मदहोश' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह अपने भाई आमिर खान के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म 'मेला' (2000) में नजर आए। हालांकि, उनका अभिनय करियर आमिर की तरह सफलता की बुलंदियों को नहीं छू सका।  
 
फिल्मी सफर से ज्यादा फैसल खान अपनी निजी जिंदगी और अपने परिवार के साथ बिगड़े रिश्तों को लेकर सुर्खियों में रहे। उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने परिवार और आमिर खान पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उन्हें घर में एक साल से अधिक समय तक बंद रखा गया था और जबरन दवाइयां दी गई थीं।  
उस वक्त खान परिवार ने एक संयुक्त बयान जारी कर फैसल के सभी दावों को खारिज कर दिया था। इस बयान पर आमिर खान की पूर्व पत्नियों रीना दत्ता, किरण राव, बेटे जुनैद, बेटी इरा खान और निर्देशक मंसूर खान समेत पूरे परिवार के दस्तखत थे।
 
मांगी थी मां और आमिर से माफी  
बिग बॉस में नाम सामने आने से कुछ ही समय पहले फैसल खान के बयानों में काफी नरमी और बदलाव देखा गया है। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान फैसल ने अपने पुराने सार्वजनिक बयानों के लिए अफसोस जताया था। उन्होंने कहा था, मैं सबसे पहले अपनी अम्मी से माफी मांगना चाहता हूं कि मैंने सार्वजनिक रूप से सब कुछ बोलने की गलती की। मैंने आमिर के बारे में भी गलत बातें कहीं। मैं बस अब अपने परिवार के साथ अच्छे रिश्ते बनाए रखना चाहता हूं और उम्मीद करता हूं कि हमारा रिश्ता पहले से भी ज्यादा मजबूत हो।
 
'बिग बॉस' का घर अपनी अनसुलझी कहानियों और कंटेस्टेंट्स के निजी खुलासों के लिए जाना जाता है। इस पारिवारिक पृष्ठभूमि और रीसेंट माफीनामे के बाद, अगर फैसल खान बिग बॉस 20 के घर में कदम रखते हैं, तो दर्शकों को उनकी जिंदगी के कई अनदेखे पहलू देखने को मिल सकते हैं।  
 
फिलहाल, फैसल खान या मेकर्स की तरफ से इस भागीदारी पर कोई आधिकारिक मोहर नहीं लगी है। 6 सितंबर का फैंस को बेसब्री से इंतजार है, जब सलमान खान ग्रैंड प्रीमियर में इस सस्पेंस से पर्दा उठाएंगे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'मिर्जापुर: द मूवी' को मिला A सर्टिफिकेट, 3 घंटे 17 मिनट में बड़े पर्दे पर दिखेगा पूरा भौकाल