रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. चंद्र अभियान
Written By वार्ता
Last Modified: चेन्नई (वार्ता) , बुधवार, 29 अक्टूबर 2008 (18:47 IST)

कामयाबी से आगे बढ़ रहा है चंद्रयान

चौथी बार पृथ्वी की ऊपरी कक्षा में पहुँचा

कामयाबी से आगे बढ़ रहा है चंद्रयान -
देश का पहला मानवरहित चंद्र अभियान चंद्रयान-प्रथम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है। यान को चौथी बार बुधवार को पृथ्वी की ऊपरी कक्षा में ले जाया गया।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सूत्रों के मुताबिक चंद्रयान-प्रथम पर लगे 440 न्यूटन तरल इंजन को सुबह सात बजकर 38 मिनट पर लगभग तीन मिनट के लिए दागा गया, जिससे यान पृथ्वी की कक्षा में और एक लाख किलोमीटर ऊपर पहुँच गया।

इसके साथ ही चंद्रयान-प्रथम और दीर्घ वृत्ताकार कक्षा में पहुँच गया है, जिसकी पृथ्वी से न्यूनतम दूरी 465 किलोमीटर और अधिकतम दूरी दो लाख 67 हजार किलोमीटर है। इस कक्षा में यान को पृथ्वी का एक चक्कर पूरा करने में छह दिन लगते हैं।

सूत्रों ने कहा हमें पूरा विश्वास है कि यान अपने निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक आठ नवंबर को चंद्रमा की कक्षा में पहुँच जाएगा। इसरो के ध्रुवीय अंतरिक्ष प्रक्षेपण यान पीएसएलवी सी-11 से गत 22 अक्टूबर का प्रक्षेपित किए गए चंद्रयान-प्रथम की सभी प्रणालियों पर बेंगलुरु स्थित यान नियंत्रण केन्द्र और बियालालू स्थित भारतीय सुदूर अंतरिक्ष नेटवर्क से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

सूत्रों ने बताया यान की सभी प्रणालियाँ सामान्य ढंग से काम कर रही हैं। चंद्रयान की कक्षा को एक बार फिर बढ़ाया जाएगा, जिससे वह चंद्रमा की कक्षा के नजदीक पहुँच जाएगा। इस कक्षा की दूरी पृथ्वी से तीन लाख 84 हजार किलोमीटर है।