वास्तु मंत्र : छत और दीवारों पर लगाएं यह रंग
सुख, शांति और धन के लिए दीवारों पर सजाएं कौन से रंग
वास्तु या भवन के लिए रंगों का चयन करते वक्त यह सावधानी जरूर बरतनी चाहिए कि कमरे की छतें सफेद ही हों, क्योंकि ये ब्रह्मस्थान की भूमिका निभाती हैं और प्रकाश को परावर्तित कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। इसी प्रकार शयन कक्ष की दीवारों पर तीखे व चुभने वाले रंगों का प्रयोग करने के बजाय हल्के रंगों का प्रयोग करना चाहिए।अपने भवन में यदि आप पूर्व की ओर बने कमरों को बच्चों के अध्ययन के लिए प्रयोग कर रहे हों, तो यहां पर हल्का जामुनी, हल्का हरा या गुलाबी रंग का प्रयोग सर्वोत्तम रहेगा। इस दिशा में सलेटी या गहरे नीले रंग के प्रयोग से बचें। आपका पूजा घर यदि पूर्वोत्तर में बना हो, तो शांति व एकाग्रता का प्रतीक सफेद या फिर हल्के नीले रंग का प्रयोग अच्छा रहता है।
पूजा घर में गहरे या अलग-अलग रंगों का प्रयोग मन को चंचल बना सकता है। इसी प्रकार उत्तर दिशा में भी हल्के रंगों का प्रयोग करना चाहिए जबकि दक्षिण-पूर्व दिशा को गरम रंगों जैसे लाल या नारंगी रंगों से सजाना अच्छा रहता है। यदि आप हल्के रंग पसंद करते हों, तो इस दिशा में गुलाबी रंग का प्रयोग किया जा सकता है।