मेरठ में कांवड़ यात्रा के बीच बड़ी कार्रवाई, 21 अवैध तमंचों के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार, STF सिंडिकेट की तलाश में जुटी
मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी बीच मेरठ STF यूनिट और लालकुर्ती थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध हथियार निर्माता एवं तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तजम्मुल के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 21 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। मेरठ पुलिस के मुताबिक तजम्मुल लालकुर्ती थाना क्षेत्र में BSNL कार्यालय के पास स्थित अपने भाई के किराए के मकान में रूप से अवैध तमंचों का निर्माण कर रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह तैयार हथियारों की सप्लाई के लिए अपने साथियों का इंतजार कर रहा था।
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2022 में मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में उसे 37 अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, उसी वर्ष उसके खिलाफ अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़ा एक अन्य मामला भी दर्ज हुआ था।
फिलहाल STF और मेरठ पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि उसका नेटवर्क कितना बड़ा है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। जांच एजेंसियां इस पूरे सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
क्योंकि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद संवेदनशील रहती है, इसलिए जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इन अवैध हथियारों की सप्लाई यात्रा के दौरान की जानी थी और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। हालांकि, अब तक पुलिस ने यह पुष्टि नहीं की है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कांवड़ यात्रा में किसी प्रकार की खलल डालने की साजिश के लिए किया जाना था। इस संबंध में जांच जारी है और पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

