1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. heat wave in Ballia, 34 dies in 2 days

यूपी के बलिया में भीषण गर्मी का कहर, 2 दिन में 34 लोगों की मौत

heat wave in ballia
Ballia News in Hindi : उत्तर प्रदेश का बलिया इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। जिला अस्पताल में भीषण गर्मी के कारण बीमार 34 लोगों की पिछले दो दिनों में इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर लोग बुजुर्ग हैं और वे अन्य बीमारियों से पीड़ित थे।
 
बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर जयंत कुमार ने बताया कि जिले में भीषण गर्मी पड़ने के कारण लोग बीमार हो रहे हैं और अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। पिछले दो दिन में 34 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 15 जून को 23 और 16 जून को 11 लोगों की मौत हुई है।
 
सीएमओ ने बताया कि इन लोगों को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इन सभी की मौत इलाज और जांच के दौरान हुई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए गर्मी बर्दाश्त करना मुश्किल होता है।
 
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) दिवाकर सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल में मरीजों व कर्मचारियों को लू के खतरे से बचाने के लिए पंखे, कूलर व एसी की व्यवस्था की गई है। डॉक्टर, पैरा मेडिकल कर्मियों की संख्या में वृद्धि कर दी गई है।
 
सीएमएस ने लोगों को नसीहत दी है कि गर्मी में, खास तौर से धूप में अगर आवश्यक न हो, तो घर से बाहर ना निकलें, बाहर निकलने पर गर्मी व धूप में रहने से बचें और अधिक से अधिक मात्रा में जल/पेय पदार्थ का सेवन करें। उन्होंने कहा कि लू से बचाव के लिए छाता, धूप चश्मा और गमछा/दुपट्टा आदि का उपयोग अवश्य करें। (भाषा)
 
अगला लेख
Cyclone Biporjoy Effect : राजस्थान में भी दिखा चक्रवात का असर, कई क्षेत्रों में बारिश, रेड अलर्ट जारी