• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

मैं सास-बहू वाले धारावाहिक नहीं कर सकती : दी‍पशिखा

दीपिशिखा दहेज
PR
अभिनेत्री दीपिशिखा को सुंदर और प्रतिभाशाली होने के बावजूद फिल्मों में वैसी सफलता नहीं मिली जैसी कि उम्मीद थी। इसके बाद दीपिशिखा ने टीवी की ओर रूख किया और इन दिनों वह नाइन एक्स पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक ‘दहेज’ में दिखाई दे रही है। पेश है दीपिका से बातचीत के मुख्य अंश :

टीवी पर बहुत दिनों बाद दिखाई दे रही है? क्या आपने ब्रेक लिया था?
मैंने कभी ब्रेक नहीं लिया। पाँच माह पूर्व ही ‘बा बहू और बेबी’ धारावाहिक में दिखाई दी थी।

इतना लंबा अंतराल क्यों?
मुझे जो काम मिल रहा था, उससे मैं संतुष्ट नहीं थी। उनके विषय कोई खास नहीं थे। कुछ धारावाहिकों में मुझ दोयम दर्जे की भूमिकाओं का प्रस्ताव मिला था, जो निभाना मुझे पसंद नहीं है।

यदि आप इतनी चूज़ी रहेगी तो ज्यादा काम नहीं कर पाएगी?
मैं कभी भी सास-बहू वाले धारावाहिक नहीं कर सकती। इसके बजाय मैं केवल एक शो करना पसंद करूँगी जो लोगों को पसंद आए। मैं उन अभिनेत्रियों में से हूँ जिसे असल नाम से जाना जाता है, ना‍ कि पात्र के नाम से। मेरे लिए यही सबसे बड़ी उपलब्धि है।

‘दहेज’ में किस किस्म का किरदार निभा रही है?
मेरे किरदार का नाम माया मेहता है और यह कहानी का केन्द्रीय पात्र है। माया मेहता के बिना ‘दहेज’ की कल्पना नहीं की जा सकती। इस धारावाहिक के निर्माताओं का कहना है कि माया मेहता के किरदार को निभाने के लिए उन्होंने मेरे अलावा किसी भी अभिनेत्री के बारे में नहीं सोचा। यह बहुत मजबूत और धनवान महिला का पात्र है।