1. खेल-संसार
  2. टी-20 विश्व कप 2024
  3. टी-20 विश्व कप न्यूज़
  4. Hardik Pandya becomes the first top seeded Indian All rounder in T20I Rankings

T20I ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने हार्दिक पंड्या

Hardik Pandya
हार्दिक पंड्या बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टी20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने।हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में खिताब जीतने के बाद भारत के क्रिकेटरों की रैंकिंग में सुधार हुआ है।

टी20 विश्व कप के फाइनल में 29 जुलाई को अर्धशतक जड़ने वाले हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर को आउट करके दक्षिण अफ्रीका पर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले पंड्या दो स्थान के फायदे से श्रीलंका के स्टार वानिंदु हसरंगा के साथ पुरुष टी20 ऑलराउंडर की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। पंड्या ने फाइनल में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के नए कप्तान के रूप में प्रशंसकों की हूटिंग का सामना करने के बाद पंड्या ने अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए टी20 विश्व कप में वापसी करते हुए प्रभावी प्रदर्शन किया।पंड्या ने निचले क्रम में बल्ले से प्रभावी पारियां खेली और गेंद से भी उम्दा प्रदर्शन किया तथा जब टीम को जरूरत थी तो विकेट चटकाए। उन्होंने टूर्नामेंट में 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए और 11 विकेट भी चटकाए।

पंड्या ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन फाइनल में किया। दक्षिण अफ्रीका की टीम को 30 गेंद में 30 रन की दरकार थी और क्लासेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन उन्होंने भारत को वापसी दिलाते हुए जीत दिला दी।पंड्या ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर क्लासेन को आउट किया।

वह अंतिम ओवर में 16 रन का बचाव करने उतरे और सात रन की जीत के साथ भारत को दूसरा टी20 विश्व कप खिताब दिलाया।टी20 विश्व कप में 15 विकेट चटकाकर टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी रैंकिंग में 12 स्थान के फायदे से 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं जो 2020 के बाद उनकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष 10 में मार्कस स्टोइनिस, सिकंदर रजा, शाकिब अल हसन और लियाम लिविंगस्टोन को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है।

मोहम्मद नबी चार स्थान के नुकसान से शीर्ष पांच से बाहर हो गए हैं।गेंदबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नोर्किया सात स्थान के फायदे से करियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद शीर्ष पर हैं।(भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
टी20 वर्ल्ड कप जीतकर दिल्ली में अपने परिवार से मिले विराट कोहली, देखें फोटो