भारत के टॉप फाइव क्रिकेटर
शराफत खान
अगर यह पूछा जाए कि भारत के टॉप फाइव क्रिकेटर कौन हैं? तो इसका जवाब मुश्किल होगा। क्योंकि भारतीय क्रिकेट इतिहास देखें तो किन्हीं पांच क्रिकेटर को चुनना बेहद मुश्किल होगा। फिर कई ऐसे महान खिलाड़ी होंगे जो टॉप फाइव में नहीं आ सकेंगे। विज्डन ने कुछ साल पहले (2002 में) भारत के क्रिकेटर ऑफ द सेंचुरी के रूप में कपिल देव को चुना था। कपिल को सुनील गावस्कर और सचिन तेंडुलकर जैसे खिलाड़ियों पर तरजीह देकर क्रिकेटर ऑफ द सेंचुरी चुना गया था। कपिल के इंडियन क्रिकेटर ऑफ द सेंचुरी चुने जाने से भारत के अन्य महान क्रिकेटरों का महत्व कम नहीं हो जाता।भारत में कई महान क्रिकेटर हुए हैं। हमने कोशिश की है कि भारत के टॉप फाइव क्रिकेटर के बारे में चर्चा की जाए।
कपिल देव
भारत के इस पूर्व कप्तान को हमेशा मैदान पर दिलेरी भरा खेल दिखाने के लिए याद किया जाता है। 1983 के विश्व कप का खिताब जिताने वाले कपिल देव ने क्लाइव लॉयड की महाशक्तिशाली टीम को पटखनी देकर भारतीय क्रिकेट इतिहास में 25 जून 1983 का दिन सुनहरे अक्षरों में लिख दिया। कपिल ने 131 टेस्ट मैचों में 434 विकेट लेकर विश्व कीर्तिमान बनाया। साथ ही एक आदर्श ऑलराउंडर की कसौटी पर खरा उतरते हुए उन्होंने 31.05 की औसत से 5248 रन भी बनाए। उन्होंने आठ शतक और 27 अर्धशतक भी लगाए। कपिल का जिक्र आते ही इंग्लैंड के खिलाफ उनके लगातार चार छक्के भी याद आते हैं। कपिल निश्चित ही भारत के टॉप फाइव क्रिकेटरों में से एक हैं।
सुनील गावस्कर
भारतीय क्रिकेट में सन्नी के नाम से मशहूर इस पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज का दुनिया भर में सम्मान किया जाता है। गावस्कर अपनी बल्लेबाजी के दौरान पूरी तरह खेल में डूब जाते थे। मैदान में उन्हें सिर्फ खेल ही याद रहता।