सोमवार, 28 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

सैन्य खेलों में आया नया जोश

विश्व सैन्य खेल भारत हैदराबाद
भारत में होंने जा रहे चौथे विश्व सैन्य खेलों में कम से कम 30 प्रतिशत ओलिंपिक पदक विजेताओं की फौज उतरने की सम्भावना से इन खेलों के प्रति देशवासियों की उत्सुकता बढ़ गई है।

भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित हो रहे इन खेलों में आने के लिए अभी तक 78 देशों ने अपनी सहमति दे दी है और दुनिया की दिग्गज सेनाओं के 4500 से अधिक खिलाड़ी हैदराबाद पहुँचेंगे, जहाँ 14 से 21 अक्टूबर तक विश्व सैन्य खेलों का आयोजन होगा जिन्हें ओलिंपिक के बाद दूसरे सबसे बड़े खेल आयोजन का दर्जा प्राप्त है।

विश्व सैन्य खेलों की कमान सम्भाल रहे ले.जनरल दीपक कपूर ने गुरुवार को कहा कि खेलों की तैयारी, इंतजाम और प्रतिस्पर्धा दोनों स्तरों पर संतोषजनक ढ़ंग से चल रही है और इस बात की पूरी उम्मीद है कि इन खेलों में भारतीय सशस्त्र बल काफी संख्या में पदक हासिल कर दुनिया में देश की फौज की उज्ज्वल छवि पेश करेंगे।

ले.जनरल कपूर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेल समिति के सभी 127 देशों को निमंत्रण भेजा गया था, जिनमें से 78 देशों ने अपनी सहमति भेज दी है और सहमति भेजने की अंतिम तारीख 15 अगस्त तक करीब 100 देशों के इन खेलों में शामिल हो जाने की सम्भावना है।

हैदराबाद और मुम्बई में होंने वाली 13 खेल स्पर्धाओं के लिए अमेरिका, जर्मनी और चीन बहुत बड़े दल के साथ इन चौथे विश्व सैन्य खेलों में पहुँच रहे हैं। ले. जन. कपूर ने अफसोस की मुद्रा में कहा कि पाकिस्तान को भी निमंत्रण भेजा गया था लेकिन उसकी तरफ से अभी कोई जवाब नहीं मिला है।