शुक्रवार, 25 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 27 अप्रैल 2011 (17:26 IST)

तनातनी खत्म करना बड़ी चुनौती : मल्होत्रा

भारतीय ओलिम्पिक संघ
WD
भारतीय ओलिम्पिक संघ के नव नियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने खेल मंत्रालय से रिश्ते मजबूत करने के संकेत देते हुए आज यहां कहा कि सरकार और खेल महासंघों के बीच पिछले लंबे समय से चली आ रही तनातनी खत्म करना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।

मल्होत्रा ने एक साक्षात्कार में कहा कि सरकार और महासंघों के बीच काफी लंबे समय से तनातनी चल रही है। यह बड़ी चुनौती और पहली प्राथमिकता भी है। यदि यही स्थिति बनी रहती है तो खेलों को ही नुकसान होगा और मुझे लगता है कि सरकार भी ऐसा नहीं चाहेगी।

आईओए अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी के राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किये जाने के बाद देश की इस सर्वोच्च खेल संस्था के पदाधिकारियों ने कल मल्होत्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार को भी नरम रवैया अपना होगा और महासंघों को भी उसकी कुछ बातों को स्वीकार करना पड़ेगा।

मल्होत्रा ने कहा कि सरकार महासंघों में पारदर्शिता चाहती है और मुझे लगता है कि किसी भी संघ को इसमें आपत्ति नहीं होगी। सरकार इसके लिए व्यवस्था कर सकती है लेकिन सरकार को भी महासंघों की स्वायत्ता का सम्मान करना होगा। (भाषा)