• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. wrestling competition
Written By
Last Modified: गुरुवार, 5 जनवरी 2017 (22:27 IST)

पंजाब की मुंबई पर 'रॉयल' जीत

wrestling competition । पंजाब की मुंबई पर 'रॉयल' जीत - wrestling competition
नई दिल्ली। कप्तान और ओलंपिक तथा विश्व चैंपियन व्लादीमिर खिनचेगशविली के प्रेरणादायी प्रदर्शन से पंजाब रॉयल्स ने गत चैंपियन मुंबई महारथी को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के केडी जाधव कुश्ती स्टेडियम में गुरुवार को 4-3 से पराजित कर दिया।
 
पंजाब को अपने पहले मुकाबले में जयपुर निजांस से 2-5 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उसने शानदार वापसी करते हुए मुंबई से मुकाबला जीत लिया। पंजाब ने इस मुकाबले में पांचवें मैच तक 4-1 की अपराजेय बढ़त बना ली थी। मुंबई ने हालांकि आखिरी दो मैच जीते लेकिन गत चैंपियन टीम सिर्फ हार का अंतर कम कर सकी।
 
मुंबई का हौसला बढ़ाने के लिए भारतीय आफ स्पिनर हरभजन सिंह उसके खेमे में पहुंचे, लेकिन मुंबई के पहलवान हरभजन की मौजूदगी से प्रेरित नहीं हो पाए। दिलचस्प बात है कि पंजाब के पहलवान अपने पहले मुकाबले में बालीवुड के हीमैन सनी देयोल से प्रेरित नहीं हो पाएथे और इस बार यही स्थिति मुंबई की रही। 
 
केडी जाधव स्टेडियम में मुकाबले की शुरुआत से पहले दर्शकों को उस समय निराशा हाथ लगी जब मुंबई ने टॉस जीतकर पंजाब की नाइजीरियाई पहलवान ओडूनायो के 53 किग्रा वर्ग को ब्लॉक  कर दिया। ओडूनायो पहले संस्करण की बड़ी स्टार थीं और दूसरे संस्करण में भी उनके नाचते-गाते मैट पर पहुंचना और अपने खेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देना रास आ रहा था, लेकिन उनका वर्ग ब्लॉक होने से दर्शक उन्हें खेलता देखने से वंचित रह गए।
 
पंजाब ने 74 किग्रा वर्ग में जेब्राइल हसानोव के वर्ग को ब्लाक किया। हसानोव को जितेंदर से खेलना था। मुंबई की टीम ओडूनायो को ब्लाक करने के बावजूद मुकाबला जीतने में नाकाम रही। पहले मैच में ओलंपिक और विश्व चैंपियन व्लादीमिर ने मुंबई के राहुल अवारे को 57 किग्रा वर्ग में 7-3 से पराजित कर दिया। इसके बाद 75 किग्रा वर्ग में ओलंपिक चैंपियन एरिका वीब ने अपनी दाईं आख के ऊपर चोट लगने के बावजूद पंजाब की वैसिलिसा मार्जालियूक को 4-2 से पराजित कर दिया। 
 
वैसिलिसा ने पहले राउंड में 2-0 की बढ़त बनायी लेकिन एरिका ने दूसरे राउंड में चार अंक लेकर मैच जीत लिया। 70 किग्रा वर्ग में पंजाब के पंकज राणा ने शानदार वापसी करते हुएअंतिम क्षणों में अंक जुटाकर मुंबई के प्रीतम को 9-8 से हरा दिया। 48 किग्रा वर्ग में पंजाब की निर्मला देवी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कैरोलिना कैस्टिलो को 3-0 से शिकस्त दी।  
 
पंजाब के तोगरुल असगैरोव ने 65 किग्रा वर्ग में मुंबई के विकास कुमार को 7-3 से हराकर अपनी टीम को 4-1 की अपराजेय बढ़त दिला दी। 58 किग्रा में सरिता ने मंजू कुमारी को 2-1 से और 97 किग्रा में पाव्लो ओलिनिक ने कृष्ण कुमार को 2-0 से हराकर मुंबई की हार का अंतर कम कर 3-4 किया। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
यूकी भांबरी और लिएंडर पेस चेन्नई ओपन से बाहर