ट्राइकी ने अंपायर को कहा‘मूर्ख’
Publish Date: Fri, 1 Jul 2016 (18:02 IST)
Updated Date: Fri, 1 Jul 2016 (18:04 IST)
लंदन। सार्बिया के विक्टर ट्राइकी ने गुरुवार को विंबलडन के पुराने ताने की याद ताजा कर दी, जब उन्होंने अंपायर को ‘मूर्ख’ और ‘दुनिया का सबसे बदतर’ कहा।
सर्बिया के 25वें वरीय ट्राइकी को स्पेन के अल्बर्ट रामोस विनोलास के खिलाफ 3-6, 6-3, 6-3, 2-6, 6-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा और इस दौरान अंपायर डेमियानो टोरेला के 1 अंक पर फैसला बदलने के कारण उन्हें मैच प्वॉइंट का सामना करना पड़ा।
स्पेन के रामोस की एक सर्विस को अंपायर ने आउट करार दिया लेकिन बाद में फैसला ठीक करते हुए हुए इसे ऐस करार दिया जिससे कोर्ट 17 पर ट्राइकी नाराज हो गए। वे अगले प्वॉइंट पर मैच हार गए।
ट्राइकी ने अंपायर के फैसला बदलने के बाद कहा कि देखिए। सफेद हिस्से पर कुछ नहीं लगा है देखिए। उन्होंने कहा कि कृपा करके एक बार तो देखिए। एक बार, एक बार, देखिए। तुम दुनिया के सबसे बदतर अंपायर हो, तुम इतने बुरे हो। उन्होंने इसके बाद गेंद को कोर्ट से बाहर फेंक दिया। उनके बर्ताव के लिए उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का सामना करना पड़ रहा है।
अगले अंक पर मैच गंवाने के बाद ट्राइकी ने फिर कहा कि तुम बदतर थे, तुम्हें पता है तुमने क्या किया? तुम अब तक के सबसे बदतर हो, तुम मूर्ख हो। उन्होंने कहा कि तुमने मैच में कुछ नहीं देखा। तुमने लगभग 30 गलतियां कीं। (भाषा)