ramcharitmanas
✕

सुशील और साक्षी को एशियाड ट्रॉयल से बाहर रहने की अनुमति

Updated: शुक्रवार, 25 मई 2018 (22:01 IST)
नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार और साक्षी मलिक समेत 4 पहलवानों को अगले महीने होने वाले ट्रॉयल से बाहर रहने की अनुमति दे दी गई है। भारतीय कुश्ती महासंघ ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की कि महासंघ ने सुशील, साक्षी, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को खुद से तैयारी करने और ट्रॉयल से बाहर रहने की अनुमति दे दी है। इन्होंने इसका अनुरोध किया था।
 
 
अभी इस बारे में आधिकारिक घोषणा की जानी बाकी है लेकिन अधिकारी ने कहा कि कि महासंघ का मानना है कि इन पहलवानों ने समय-समय पर खुद को साबित किया है और यह फैसला इस तथ्य को मद्देनजर रखकर लिया गया है कि उनके भारवर्ग में उन्हें कोई चुनौती नहीं मिलेगी।
 
महासंघ के एक आला अधिकारी ने कहा कि डब्ल्यूएफआई ने सैद्धांतिक तौर पर यह फैसला लिया है कि इन पहलवानों को खुद से तैयारी करने दिया जाए और उसमें खलल नहीं डाला जाए। उनके अनुरोध पर हमने उन्हें ट्रॉयल से बाहर रहने की अनुमति दे दी है, क्योंकि वे अपने भारवर्ग में सर्वश्रेष्ठ हैं और उन्हें किसी प्रतिस्पर्धा का सामना नहीं करना होगा।
 
उन्होंने कहा कि सुशील ने कोच विनोद के साथ छत्रसाल स्टेडियम में तैयारी का अनुरोध किया था। विनेश और साक्षी अभी राष्ट्रीय शिविर में हैं जबकि बजरंग जॉर्जिया में अपने निजी कोच के साथ हैं। अधिकारी ने कहा कि हमने अपने कोचों से मशविरा करके यह फैसला लिया है। उनका मानना है कि ट्रॉयल के लिए बुलाने से इन पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा, जो हम नहीं चाहते। हमारा मानना है कि अपने भारवर्ग में ये सर्वश्रेष्ठ हैं और पदक ला सकते हैं।
 
फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन में ट्रॉयल 10 जून को सोनीपत में होगा, जहां अभ्यास शिविर चल रहा है। महिला पहलवानों का अभ्यास शिविर लखनऊ में चल रहा है और वहां ट्रॉयल 17 जून को होने की संभावना है। (भाषा)

Show comments

सभी देखें

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

सर्वाधिक हॉकी मैच खेलने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी गोलकीपर सविता

मुश्किल में मोहम्मद रिजवान, सट्टे और फिक्सिंग के लगे संगीन आरोप

Asian Games के लिए भारत ने 503 खिलाड़ियों पर खर्चे 702 करोड़ रुपए

लंबी पारी नहीं खेल पाते रोहित शर्मा, Ex GF सोफिया हयात ने दिया बयान (Video)

अगला लेख