फोगाट बहनों की होगी एक बार फिर भिड़ंत
नई दिल्ली। कहते हैं कि खेल के मैदान में विपक्षी खिलाड़ी दोस्त, भाई या बहन नहीं, बल्कि दुश्मन होता है। ऐसा ही कुछ इस बार प्रो रेसलिंग लीग में देखने को मिलेगा, जब कुश्ती की नई सनसनी दिल्ली टीम की संगीता फोगाट यूपी टीम की स्टार खिलाड़ी बबीता फोगाट का सामना करेंगी।
पिछले सीज़न में भी फोगाट बहनों के बीच मैट पर लड़ाई खूब चर्चा का विषय बनी थी। इस बार अनुभवी बबीता के सामने उभरती हुईं संगीता कैसे करतब दिखाती हैं, देखना दिलचस्प होगा।
इस बारे में संगीता ने कहा कि जिन बहनों को देखकर और उनसे सलाह-मशविरा करके वे अपने खेल के स्तर को सुधार रही हैं, उनका सामना करना वास्तव में चुनौतीपूर्ण होगा और अगर वह जीतती हैं तो इसकी खुशी उनकी बहन और पूरे परिवार को होगी।
संगीता फोगाट इस लीग में खेलने वाली सबसे युवा हैं। उनकी उम्र अभी महज़ 17 साल है और वे एशियन कैडेट कुश्ती में रजत पदक भी जीत चुकी हैं। इस साल नंदिनीनगर में उन्होंने राष्ट्रीय जूनियर चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। (वार्ता)