• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Other Sports News, invitation hockey tournament, India, Ireland, Hockey India
Written By
Last Modified: वेलेंशिया (स्पेन) , बुधवार, 29 जून 2016 (00:05 IST)

आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट में भारत की आयरलैंड पर संघर्षपूर्ण जीत

आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट में भारत की आयरलैंड पर संघर्षपूर्ण जीत - Other Sports News, invitation hockey tournament, India, Ireland, Hockey India
वेलेंशिया (स्पेन)। एफआईएच चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम ने जर्मनी से मिली करारी हार के झटके से उबरते हुए छह देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट में मंगलवार को अपने दूसरे मुकाबले में आयरलैंड को कड़े संघर्ष में 2-1 से पराजित कर दिया।
          
भारत को अपने पहले मैच में ओलंपिक चैंपियन जर्मनी के हाथों 0-4 की हार का सामना करना पड़ा था लेकिन आयरलैंड के खिलाफ टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए  जीत हासिल की। भारत की दो मैचों में यह पहली जीत है जबकि आयरलैंड की यह लगातार दूसरी हार है। आयरलैंड को अपने पहले मैच में विश्व की छठे नंबर की टीम अर्जेंटीना के हाथों 0-1 की हार का सामना करना पड़ा था।
            
अपनी पूरी ताकत के साथ खेल रही भारतीय टीम को आयरलैंड पर जीत हासिल करने के लिए पसीना बहाना पड़ा। भारत ने विश्व हॉकी रैंकिंग में आज पांचवें स्थान पर पहुंचने का जश्न इस जीत के साथ मनाया। हालांकि ओलंपिक के पहले के इस आखिरी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने वैसा खेल नहीं दिखाया जैसा उसने चैंपियंस ट्रॉफी में दिखाया था।             
          
भारत को चौथे मिनट में उस समय झटका लग गया जब काइल गुड ने आयरलैंड के लिए  बढ़त दिलाने वाला गोल दाग दिया। पहले क्वार्टर में आयरलैंड की बढ़त कायम रही। भारत को बराबरी पर आने के लिए 19वें मिनट तक इंतजार करना पड़ा। तलविंदर सिंह ने रिबाउंड पर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। 
        
बराबरी पाने के बाद भारत ने आयरलैंड पर दबाव बनाया लेकिन आधे समय तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा। दूसरा हॉफ शुरु होने के साथ ही 32वें मिनट में कप्तान सरदार सिंह ने वीआर रघनाथ से मिली गेंद पर शानदार डिफलेक्शन से बढ़त दिलाने वाला गोल दाग दिया। भारत ने एक गोल की अपनी बढ़त को अंत तक कायम रखा और जीत अपने नाम कर ली। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
मंगेतर हेजल के साथ छुट्टियां मना रहे हैं युवराज