1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Indian Paralympians received rousing welcome

टोक्यो से स्वदेश लौटे पैरालंपियन्स का हुआ जोर शोर से स्वागत (PICS)

टोक्यो पैरालंपिक
नई दिल्ली: निशानेबाज अवनि लेखरा और बैडमिंटन खिलाड़ी-सह-नौकरशाह सुहास यथिराज सहित भारत के पदक विजेता पैरालंपिक खिलाड़ियों का आखिरी जत्था सोमवार को जब यहां हवाई अड्डे पर पहुंचा तो समर्थकों और परिवारों के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रशंसक हवाई अड्डे के बाहर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार करते दिखे। भारत ने रविवार को टोक्यो में संपन्न हुए इन खेलों में पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक के साथ अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भारत 19 पदकों के साथ तालिका में भी अब तक के अपने सर्वश्रेष्ठ 24वें स्थान पर रहा।

पैरालंपिक खेलों से आज शाम देश लौटने वाले इस आखिरी जत्थे में बैडमिंटन दल के साथ, निशानेबाज और रिकर्व तीरंदाजी टीम से जुड़े सदस्य थे।

इस जत्थे में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने वाली 19 वर्षीय अवनि, स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत और कृष्णा नागर, रजत पदक विजेता यथिराज, कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार और पदक विजेता निशानेबाज सिंहराज अडाना तथा मनीष नरवाल भी शामिल थे।

पैरा खिलाड़ियों का स्वागत हरियाणा के खेल मंत्री और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह और भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के अधिकारियों के अलावा प्रशंसकों की भीड़ ने किया।

इससे पहले रजत पदक विजेता टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल भी अन्य खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ सुबह स्वदेश लौटीं।

इन खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच माला पहनाकर स्वागत किया गया। हवाई अड्डे के नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की देखे-रेख में उन्हें बाहर निकाला गया। टोक्यो से लौटे पैरा खिलाड़ी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले हैं।
अगला लेख
50 साल बाद मिली ओवल के मैदान पर जीत, यह हैं इस टेस्ट की 10 बड़ी बातें