एचएस प्रणय पहुंचे सर्वश्रेष्ठ 17वीं रैंकिंग पर
Publish Date: Thu, 27 Jul 2017 (19:17 IST)
Updated Date: Thu, 27 Jul 2017 (19:25 IST)
नई दिल्ली। यूएस ओपन की अपनी खिताबी जीत से एचएस प्रणय छह स्थान की लंबी छलांग लगाकर गुरुवार को जारी ताजा बैडमिंटन रैंकिंग में अपने सर्वश्रेष्ठ 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं। प्रणय ने फाइनल में हमवतन पारूपल्ली कश्यप को पराजित किया था।
प्रणय के टॉप 20 में पहुंचने के साथ ही अब चार भारतीय पुरुष खिलाड़ी शीर्ष 20 में शामिल हो गए हैं। किदाम्बी श्रीकांत का आठवां स्थान बना हुआ है और वे शीर्ष भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं। अजय जयराम का भी 15वां स्थान बरकरार है। प्रणय 23वें से 17वें स्थान पर पहुंचे हैं, जबकि बी साई प्रणीत एक स्थान गिरकर 19वें नंबर पर खिसक गए हैं।
प्रणय ने फाइनल में हमवतन पारूपल्ली कश्यप को पराजित किया था। कश्यप ने फाइनल में पहुंचने की बदौलत 12 स्थान की छलांग लगाई और अब वह 47वें नंबर पर आ गए हैं। समीर वर्मा चार स्थान की छलांग के साथ 28वें नंबर पर पहुंचे हैं जबकि उनके भाई सौरभ वर्मा एक स्थान गिरकर 37वें नंबर पर खिसके हैं।
महिलाओं में फिलहाल एक्शन से बाहर चल रहीं पीवी सिंधू का पांचवां स्थान बरकरार है जबकि साइना नेहवाल एक स्थान खिसककर 16वें नंबर पर पहुंची हैं।
पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी पांच स्थान के सुधार के साथ 33वें नंबर पर आ गए हैं जबकि अर्जुन एमआर और रामचंद्रन श्लोक छह स्थान उछलकर 41वें नंबर पर पहुंच गए हैं। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी का 25वां स्थान बना हुआ है। मिश्रित युगल में प्रणव चोपड़ा और सिक्की रेड्डी तीन स्थान गिरकर 20वें नंबर पर खिसक गए हैं। (वार्ता)