sundarkand
✕

राफेल नडाल और रोजर फेडरर फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में

Updated: रविवार, 2 जून 2019 (23:18 IST)
पेरिस। गत चैंपियन राफेल नडाल अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे जबकि रोजर फेडरर 28 साल में किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के अंतिम 8 में जगह बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने।
 
दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी नडाल ने एकतरफा मुकाबले में अर्जेन्टीना के युआन इगनेसियो लोंडेरो को 6-2, 6-3, 6-3 से हराकर 13वीं बार रोलां गैरो के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
 
पेरिस में 12वें खिताब के लिए चुनौती पेश कर रहे नडाल की यहां यह 90वीं जीत है। किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में 38वीं बार जगह बनाने वाले नडाल का सामना अगले दौर में फ्रांस के बेनोइट पियरे और जापान के केई निशिकोरी के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
 
रोलां गैरो में 2015 के बाद पहली बार खेल रहे 37 साल के फेडरर ने दुनिया के 68वें नंबर के खिलाड़ी अर्जेन्टीना के लियोनार्डो मायेर को सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-3 से हराया।
पेरिस में 2009 के चैंपियन फेडरर 1991 में अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में जिमी कोनर्स के जगह बनाने के बाद किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम 8 में जगह बनाने वाले सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी हैं। फेडरर ने कहा कि यह शानदार है कि मैं पेरिस में इतना समय बिता पाया।
 
उन्होंने कहा कि मैं बदतर से बदतर स्थिति के लिए तैयार था, पहले दौर में तीन सेट में हार, लेकिन मैं अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। फेडरर किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में 54वीं बार खेलते हुए नजर आएंगे जिससे उन्होंने सर्वकालिक शीर्ष खिलाड़ियों की सूची में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
 
फेडरर को चौथे दौर के मुकाबले में एक बार भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा और उन्होंने फिलिप चैटरियर कोर्ट पर दुनिया के 68वें नंबर के खिलाड़ी मायेर के खिलाफ आसान जीत दर्ज की।
 
महिला वर्ग में शीर्ष वरीय नाओमी ओसाका और 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स की हार के बाद 19 साल की मार्केटा वोनद्रोसोवा ने अनास्तिसा सेवास्तोवा को हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दुनिया की 38वें नंबर की खिलाड़ी मार्केटा ने लातविया की 12वीं वरीय सेतास्तोवा को सिर्फ 59 मिनट में 6-2, 6-0 से हराया।
 
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब मार्केटा का सामना पेत्रा मार्टिच से होगा। तीसरे दौर में दूसरी वरीय कैरोलिना प्लिसकोवा को हराकर उलटफेर करने वाली क्रोएशिया की मार्टिच ने एस्टोनिया की काइया केनेपी के खिलाफ पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 5-7, 6-2, 6-4 की जीत के साथ पहली बार ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
 
ब्रिटेन की नंबर एक खिलाड़ी योहाना कोंटा भी क्रोएशिया की डोना वेकिच को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराकर विंबलडन 2017 के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के अंतिम 8 में पहुंची।

Show comments

सभी देखें

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

सर्वाधिक हॉकी मैच खेलने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी गोलकीपर सविता

मुश्किल में मोहम्मद रिजवान, सट्टे और फिक्सिंग के लगे संगीन आरोप

Asian Games के लिए भारत ने 503 खिलाड़ियों पर खर्चे 702 करोड़ रुपए

लंबी पारी नहीं खेल पाते रोहित शर्मा, Ex GF सोफिया हयात ने दिया बयान (Video)

अगला लेख