Daily Horoscope
✕

क्वारंटाइन हमारी हिन्दू संस्कृति के सूतक का ही आधुनिक रूप है?

Updated: शुक्रवार, 23 अप्रैल 2021 (11:27 IST)
Quarantine n sutak
छुआछूत एक सर्वव्यापी और प्राचीनकालीन सत्य है, जिसका बाद में गलत अर्थ भी निकाला जाने लगा। वर्तमान की अपेक्षा प्राचीनकाल में चिकित्सा सुविधाएं इतनी नहीं थी। ऐसे में जब कोई बीमारी या महामारी फैलती थी तो लोग अपने अनुभव का उपयोग करते थे। इसी अनुभव के आधार पर प्राचीनकालीन विद्वानों ने लोगों को बीमारी से बचाने के लिए या संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए धर्म के कुछ नियम बनाएं। उन्हीं कई नियमों में से एक है सूतक और पातक।
 
1. क्वारंटीन (क्वारंटाइन) : जिस व्यक्ति या परिवार के घर में सूतक-पातक रहता है, उस व्यक्ति और परिवार के सभी सदस्यों को कोई छूता भी नहीं है। वहां का अन्न-जल भी ग्रहण नहीं करता है। वह परिवार भी मंदिर सहित किसी के घर नहीं जाता है और सूतक-पातक के नियमों का पालन करते हुए उतने दिनों तक अपने घर में ही रहता है। परिवार के सदस्यों को सार्वजनिक स्थलों से दूर रहने को बोला जाता है।
 
2. कब-कब लगता है सूतक : जन्म काल, ग्रहण काल, स्त्री के मासिक धर्म का काल और मरण काल में सूतक और पातक का विचार किया जाता है। सभी के काल में सूतक के दिन और समय का निर्धारण अलग-अलग होता है।
 
 
3. क्या होता है सूतक और पातक : सूतक का संबंध जन्म-मरण के कारण हुई अशुद्धि से है। जन्म के अवसर पर जो नाल काटा जाता है और जन्म होने की प्रक्रिया के दौरान जो हिंसा होती है, उसमें लगने वाला दोष या पाप प्रायश्‍चित के रूप में पातक माना जाता है। इस तरह मरण से फैली अशुद्धि से सूतक और दाह संस्कार से हुई हिंसा के दोष या पाप से प्रायश्‍चित स्वरूप पातक माना जाता है।

 
जिस तरह घर में बच्चे के जन्म के बाद सूतक लगता है उसी तरह गरुड़ पुराण के अनुसार परिवार में किसी सदस्य की मृत्यु होने पर लगने वाले सूतक को 'पातक' कहते हैं। सूतक और पातक की परीभाषा इससे अलग भी है। जैसे व्यक्ति की मृत्यु होने के पश्चात गोत्रज तथा परिजनों को विशिष्ट कालावधि तक अशुचित्व और अशुद्धि प्राप्त होता है, उसे सूतक कहते हैं। अशुचित्व अर्थात अमंगल और शुद्ध का विपरित अशुद्धि होता है।

 
जन्म से लेकर मरण तक सूतक और पातक माना जाता है। सूतक का संबंध जन्म के कारण हुई अशुद्धि से है। जन्म के अवसार पर जो नाल काटा जाता है और जन्म होने की प्रक्रिया में अन्य प्रकार की जो हिंसा होती है, उसमें लगने वाला दोष या पाप प्रायश्‍चित के रूप में सूतक माना जाता है। पातक का संबंध मरण के निमित्त हुई अशुद्धि से है। मरण के अवसर पर दाह सांसकार से हुई हिंसा का दोष या पाप प्रायश्‍चित स्वरूप पातक माना जाता है।
 
 
4. सूतक-पातक का समय : मृत व्यक्ति के परिजनों को 10 दिन तथा अंत्यक्रिया करने वाले को 12 से 13 दिन (सपिंडीकरण तक) सूतक पालन कड़ाई से करना होता है। मूलत: यह सूतक काल सवा माह तक चलता है। सवा माह तक कोई किसी के घर नहीं जाता है। सवा माह अर्थात 37 से 40 दिन। 40 दिन में नक्षत्र का एक काल पूर्ण हो जाता है। घर में कोई सूतक (बच्चा जन्म हो) या पातक (कोई मर जाय) हो जाय 40 तक का सूतक या पातक लग जाता है।
 
 
ऐसा भी कहा जाता है कि सात पीढ़ियों पश्चात 3 दिन का सूतक माना जाता है, लेकिन यह निर्धारित करना कठिन है। मृतक के अन्य परिजन (मामा, भतीजा, बुआ इत्यादि परिजन) कितने दिनों तक सूतक का पालन करें, यह संबंधों पर निर्भर है तथा उसकी जानकारी पंचांग व धर्मशास्त्रों में दी जाती है। लेकिन जिसका संबंध रक्त से है उसे उपर बताए नियमों अनुसार ही चलना होता है।
 
 
जन्म के बाद नवजात पीढ़ियों को हुई अशुचिता 3 पीढ़ी तक 10 दिन, 4 पीढ़ी तक 10 दिन, 5 पीढ़ी तक 6 दिन गिनी जाती है। एक रसोई में भोजन करने वालों के पीढ़ी नहीं गिनी जाती है। वहां पूरा 10 दिन तक का सूतक होता है। प्रसूति नवजात की मां को 45 दिन का सूतक रहता है। प्रसूति स्थान 1 माह अशुद्ध माना जाता है। इसीलिए कई लोग अस्पताल से घर आते हैं तो स्नान करते हैं। पुत्री का पीहर में बच्चे का जन्म में 3 दिन का, ससुराल में जन्म दे तो उन्हें 10 दिन का सूतक रहता है।

 
मरण के अवसर पर दाह संस्कार में इत्यादि में हिंसा होती है। इसमें लगने वाले दोष या पाप के प्रायश्चित के स्वरूप पातक माना जाता है। जिस दिन दाह संस्कार किया जाता है, उस दिन से पातक के दिनों की गणना होती है। न कि मृत्यु के ‍दिन से। अगर किसी घर का सदस्य बाहर है तो जिस दिन उसे सूचना मिलती है उस दिन तक उसके पातक लगता ही है। अगर 12 दिन बाद सूचना मिले तो स्नान मात्र से शुद्धि हो जाती है।

 
अगर परिवार की किसी स्त्री का गर्भपात हुआ है तो जितने माह का हुआ है उतने दिन का ही पातक माना जाएगा। घर का कोई सदस्य मुनि, साध्वी है उसे जन्म मरण का सूतक नहीं लगता है। किंतु उसका ही मरण हो जाने पर उसका एक दिन का पातक लगता है।
 
किसी की शवयात्रा में जाने को एक दिन, मुर्दा छूने को 3 दिन और मुर्दे को कन्धा देने वाले को 8 दिन की अशुद्धि मानी जाती है। घर में कोई आत्मघात करले तो 6 माह का पातक माना जाता है। छह माह तक वहां भोजन और जल ग्रहण नहीं किया जा सकता। वह मंदिर नहीं जाता और ना ही उस घर का द्रव्य मंदिर में चढ़ाया जाता है।

 
इसी तरह घर के पालतू गाय, भैंस, घोड़ी, बकरी इत्यादि को घर में बच्चा होने पर 1 दिन का सूतक परंतु घर से दूर-बाहर जन्म होने पर कोई सूतक नहीं रहता। बच्चा देने वाली गाय, भैंस और बकरी का दूध, क्रमशः 15 दिन, 10 दिन और 8 दिन तक अशुद्ध रहता है।
 
 
5. सूतक-पातक के नियम : सूतक और पातक में अन्य व्यक्तियों को स्पर्श न करें। कोई भी धर्मकृत्य अथवा मांगलिक कार्य न करें तथा सामाजिक कार्य में भी सहभागी न हों। अन्यों की पंगत में भोजन न करें। किसी के घर न जाएं और ना ही किसी भी प्रकार का भ्रमण करें। घर में ही रहकर नियमों का पालन करें।
 
किसी का जन्म हुआ है तो शुद्धि का ध्यान रखते हुए भगवान का भजन करें और यदि कोई मर गया है तो गरुढ़ पुराण सुनकर समय गुजारें। सूतक या पातक काल समाप्त होने पर स्नान तथा पंचगव्य (गाय के दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर का मिश्रण) सेवन कर शुद्ध हो जाएं। सूतक पातक की अवधि में देव शास्त्र गुरु, पूजन प्राक्षाल, आहार आदि धार्मिक क्रियाएं वर्जित होती है।
 
 
6. ग्रहण का सूतक : ग्रहण और सूतक के पहले यदि खाना तैयार कर लिया गया है तो खाने-पीने की सामग्री में तुलसी के पत्ते डालकर खाद्य सामग्री को प्रदूषित होने से बचाया जा सकता है। ग्रहण के दौरान मंदिरों के पट बंद रखे जाते हैं। देव प्रतिमाओं को भी ढंककर रखा जाता है। ग्रहण के दौरान पूजन या स्पर्श का निषेध है। केवल मंत्र जाप का विधान है। ग्रहण के दौरान यज्ञ कर्म सहित सभी तरह के अग्निकर्म करने की मनाही होती है। ऐसा माना जाता है कि इससे अग्निदेव रुष्ट हो जाते हैं।
 
7. वैज्ञानिक आधार :-

 
*'सूतक' और 'पातक' सिर्फ धार्मिक कर्मंकांड नहीं है। जब परिवार में बच्चे का जन्म होता है या किसी सदस्य की मृत्यु होती है उस अवस्था में संक्रमण फैलने की संभावना काफी ज्यादा होती है। ऐसे में अस्पताल या शमशान या घर में नए सदस्य के आगमन, किसी सदस्य की अंतिम विदाई के बाद घर में संक्रमण का रोकने के लिए ही सूतक और पातक के नियमों का पालन किया जाता है।
 
 
इन नियमों से ही घर और शरीर की शुद्धी की जाती है। जब 'सूतक' और 'पातक' की अवधि समाप्त हो जाती है तो घर में हवन कर वातावरण को शुद्ध किया जाता है। उसके बाद परम पिता परमेश्वर से नई शुरूआत के लिए प्रार्थना की जाती है।
 
 
* बच्चा पैदा होने के बाद महिला के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। साथ ही, अन्य रोगों के संक्रमण के दायरे में आने के मौके बढ़ जाते हैं। इसलिए 10-40 दिनों के लिए महिला को बाहरी लोगों से दूरी बना कर रखा जाता है। जैसे ही बच्चा संसार के वातावरण में आता है तो कुछ बच्चों को बीमारियां जकड़ लेती हैं। शारीरिक कमजोरियां बढ़ने लगती है और कभी कभी बच्चों को डॉक्टर इंक्यूबेटर पर रखते हैं जिससे वो बाहरी प्रदूषित वातावरण से बचाया जा सके।

 
* इसी ‍तरह यदि आप किसी के अंतिम संस्कार में गए हैं तो नहाना जरूर है। किसीकी मृत्यु के पीछे कई कारण हो सकते है जैसे कोई लंबी सांस की बीमारी या शुगर की समस्या या फिर किसी एक्सिडेंट के चलते मृत्यु हो जाना। कारणों की फेहरिस्त कम नहीं है लेकिन मसला ये है कि ये सारे कारण आपके शरीर में संक्रमण के जरिए आ सकते हैं और आपको भी रोगी बना सकते हैं। कभी कभी देखा गया है कि कोई आदमी दाह संस्कार के बाद बीमार पड़ जाता है क्योंकि वहां के कीटाणु उसके घर तक रास्ता बना लेते हैं इसलिए हमेशा बच्चे, बूढ़े और महिलाओं को अतिरिक्त सावधानी रखने की सलाह दी जाती है। इसीलिए घर के सभी सदस्य अपना मुंडन कराते हैं।

 
* कभी कभी जब परिवार में सारी प्रक्रियाओं का अनुसरण होने पर भी संक्रमण की संभावनाएं बरकरार रहती है इसलिए अंतिम शस्त्र के रूप में हवन किया जाता है। हवन होने के बाद घर का वातावरण शुद्ध हो जाता है और पातक प्रक्रिया की मीयाद भी पूरी हो जाती है।

ALSO READ: चार पुरुषार्थ कौनसे, जानिए पहले धर्म को...
 

लेखक के बारे में
अनिरुद्ध जोशी
पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों से साहित्य, धर्म, योग, ज्योतिष, करंट अफेयर्स और अन्य विषयों पर लिख रहे हैं। वर्तमान में विश्‍व के पहले हिंदी पोर्टल वेबदुनिया में सह-संपादक के पद पर कार्यरत हैं। दर्शनशास्त्र एवं ज्योतिष: मास्टर डिग्री (Gold Medalist), पत्रकारिता: डिप्लोमा। योग, धर्म और ज्योतिष में विशेषज्ञता।.... और पढ़ें

Show comments

सभी देखें

20 November Birthday: आपको 20 नवंबर, 2026 के लिए जन्मदिन की बधाई!

Aaj Ka Rashifal: आज 20 नवंबर, 2026 का दैनिक राशिफल: मेष से मीन तक 12 राशियों का भविष्यफल

Dev Uthani Ekadashi 2026: देव उठनी एकादशी पर 5 या 11 कितने दीये जलाना होता है सबसे शुभ? जानें तुलसी के पास दीपक रखने का सही नियम

Khatu Shyam Birthday 2026: कैसे स्थापित हुआ खाटू श्याम जी का चमत्कारी धाम? जन्मदिन पर जानें यह अनसुनी कहानी

Aaj ka panchang: आज का शुभ मुहूर्त: 20 नवंबर 2026: शुक्रवार का पंचांग और शुभ समय

सभी देखें

Dev uthani ekadashi 2026 date: देव उठनी एकादशी की पूजा के शुभ मुहूर्त, विधि और श्रीहरि को जगाने का शुभ मंत्र, 11 दीपक

Tulsi Vivah 2026 Date: देवउठनी एकादशी, द्वादशी या कार्तिक पूर्णिमा- कब करें तुलसी विवाह? दूर करें हर कन्फ्यूजन

Dev uthani ekadasshi 2026: देवउठनी एकादशी व्रत का पारण समय क्या है?

Dev Uthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी पर कर लें ये 5 अचूक उपाय, पितृदोष से मिलेगी हमेशा के लिए मुक्ति

Dev Uthani Ekadashi Tulsi Vivah Katha: देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह की संपूर्ण व्रत कथा, बिना इसके अधूरी है पूजा

अगला लेख