अभिनेता सदाशिव अमरापुरकर का निधन
मुंबई। हिन्दी फिल्मों के मशहूर खलनायक सदाशिव अमरापुरकर का देर रात मुंबई के एक अस्पताल में 64 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी एक बेटी है रीमा अमरापुरकर। जानकारी के मुताबिक, अमरापुरकर ने रात 2.45 बजे अंतिम सांस ली।
अमरापुरकर काफी समय से फेंफड़े के इंफेक्शन से जूझ रहे थे। सदाशिव अमरापुरकर को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अमरापुरकर परिवार के अनुसार, कल शाम चार बजे अहमदनगर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पूर्व शव को अंतिम दर्शन के लिए भी रखा जाएगा।
अमरापुरकर ने करीब 250 फिल्में की हैं जिनमें अर्ध सत्य, सड़क, हुकुमत, आंखें, इश्क काफी कामयाब रही हैं।
1984 में आई अर्ध सत्य के लिए तो उन्हें सपोर्टिंग एक्टर की कैटगरी में फिल्म फेयर एवार्ड मिला था। 1991 में आई सड़क के लिए उन्हें बेस्ट विलेन की कैटगरी में फिल्म फेयर एवार्ड मिला था। अभिनेता अमरापुरकर आखिरी बार 2012 में आई फिल्म बॉम्बे टॉकीज में दिखाई दिए थे।