• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Patan, FIR, Gujarat
Written By
Last Modified: रविवार, 26 मार्च 2017 (18:11 IST)

पाटन में सांप्रदायिक संघर्ष : सुरक्षा बढ़ाई गई, क्रॉस एफआईआर दर्ज

पाटन में सांप्रदायिक संघर्ष : सुरक्षा बढ़ाई गई, क्रॉस एफआईआर दर्ज - Patan, FIR, Gujarat
अहमदाबाद। गुजरात के पाटन जिले में वडवाली गांव में सांप्रदायिक हिंसा के बाद रविवार को  सुरक्षा बढ़ा दी गई। यहां शनिवार को हुई हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई थी जिसके बाद  दोनों समुदाय के लोगों की तरफ से 45 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
 
पुलिस ने कहा कि अहमदाबाद से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में घेराबंदी  अभियान चलाया गया है और हालात अब शांतिपूर्ण हैं। पाटन के पुलिस अधीक्षक एजी चौहान  ने बताया कि आगे कोई संघर्ष न हो इसे टालने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
 
चौहान ने कहा कि पाटन और बनासकांठा जिले के करीब 150 पुलिसकर्मी गांव में तैनात हैं,  इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस बल की दो कंपनियां और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी  मौके पर मौजूद हैं। चानास्मा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि दोनों समुदायों ने 45  लोगों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। 
 
उन्होंने कहा कि 31 लोगों के खिलाफ धारा 302 (हत्या), 147,148,149 (दंगा, घातक हथियारों  के साथ अवैध रूप से जुटना), 395, 397 (डकैती), 435 और 436 (आगजनी) समेत आईपीसी  की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
 
अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा 14 लोगों पर हत्या की धारा को छोड़कर बाकी बताई गई  सभी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक शख्स की शनिवार को झड़प के दौरान  लगी चोटों की वजह से मौत हो गई जबकि 6 अन्य घायल हो गए। चनास्मा थाने के एक  अधिकारी ने कहा कि अलग-अलग समुदाय के दो छात्रों के बीच हुई मामूली लड़ाई के बाद हिंसा  शुरू हुई। (वार्ता)