Weather Update : असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 6 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, मृतकों की संख्या पहुंची 19
Assam Weather Update News : असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर हो जाने के साथ यहां 2 और लोग मारे गए हैं, जबकि 21 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर लगभग 6.8 लाख पहुंच गई है। ब्रह्मपुत्र सहित 9 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। राज्य के कई हिस्सों में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं। इन हताहतों के साथ, इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन में मरने वाले लोगों की संख्या 19 पहुंच गई है।
एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। ब्रह्मपुत्र सहित 9 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। आरएमसी ने कहा कि धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर, ग्वालपारा और कोकराझार में गरज के साथ बारिश होने और बिजली चमकने तथा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
राज्य के कई हिस्सों में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में कहा गया है कि नगांव और कछार जिलों में दो मौतें हुई हैं। कछार में एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। इन हताहतों के साथ, इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन में मरने वाले लोगों की संख्या 19 पहुंच गई है।
कुल मिलाकर 21 जिलों के 66 राजस्व क्षेत्रों और 1,494 गांवों में कुल 6,79,423 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि मंगलवार को 21 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या 6.5 लाख से अधिक थी। श्रीभूमि में सबसे अधिक 2,59,601 लोग प्रभावित है, उसके बाद हैलाकांडी में 1,72,439 और नगांव में 1,02,716 लोग प्रभावित हैं। राज्य में बाढ़ प्रभावितों के लिए कुल 190 राहत शिविर संचालित हैं, जो 39,746 विस्थापित लोगों को आश्रय प्रदान कर रहे हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour