सोमवार, 21 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 2 police men suspended for mask
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 21 मई 2021 (15:04 IST)

मास्क नहीं पहनने पर महिला को पीटा, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मास्क नहीं पहनने पर महिला को पीटा, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड - 2 police men suspended for mask
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने लिए लगे कोरोना कर्फ्यू के दौरान सब्जी खरीदने बाजार आई एक महिला द्वारा मास्क नहीं पहनने पर कुछ पुलिस कर्मियों ने सड़क पर उसकी पिटाई कर दी और बाल पकड़कर घसीटा। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो गया। इस मामले में एएसआई और महिला आरक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है।
 
सागर के अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक ने कहा कि दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
 
मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने मास्क न पहनने को लेकर सागर में पुलिस द्वारा की गई एक महिला की बर्बर पिटाई की घटना को निंदनीय, अमानवीय और शर्मनाक बताया था।

उन्होंने कहा कि एक ओर तो मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार और पुलिस राज्य के कई हिस्सों में महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाओं के साथ ही अपनी नाक के नीचे प्रदेश की राजधानी में भी कोविड पीड़ित महिला के साथ दुष्कर्म जैसी जघन्य घटना को रोक पाने में नाकामयाब सिद्ध हो रही है। वहीं उल्टे वह निरीह महिलाओं की पिटाई करके ही अपनी वीरता का प्रदर्शन कर रही है।
 
क्या है मामला : घटना सागर जिले के रहली कस्बे की है। पुलिस ने इस महिला व उसकी बेटी को मास्क नहीं पहने होने के कारण सोमवार पूर्वाह्न करीब करीब 11 बजे बाजार में रोका था एवं खुली जेल में भेजने के लिए उसे पुलिस जीप में बिठाने का प्रयास किया था। इस दौरान इस महिला ने विरोध किया और कथित रूप से वहां मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी के चेहरे पर चोट आ गई थी।
 
वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी सहित कुछ पुलिसकर्मी एक महिला को उसके बालों से पकड़ कर घसीट कर पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश करते हुए, धक्का देते हुए एवं मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि यह महिला इसका विरोध कर रही है।
 
इस सिलसिले में रहली के एसडीओपी कमल सिंह ने बताया था कि यह वीडियो अधूरा है। वीडियो में दिखाई घटना के पहले महिला और उसकी बेटी ने पुलिस के साथ मारपीट की थी जिसमें महिला पुलिसकर्मी के चेहरे पर नाखून लगने से खून भी आया।
 
सिंह ने कहा कि इस महिला के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।