1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि

मलेशिया में गुरूद्वारे पर पथराव

मलेशिया
ND
कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने कुआलालंपुर (मलेशिया) स्थित एक गुरूद्वारे पर पथराव कर, इमारत की सामने वाली एक खिड़की क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसमें ‘शरारती युवाओं’ का हाथ होने की आशंका है। बहरहाल, मामले की जाँच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरूद्वारे पर कल शाम करीब छह बज कर 45 मिनट पर पथराव किया गया और तब अंदर कई स्वयंसेवक थे। पथराव में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, समीप स्थित दूरसंचार की एक इमारत पर भी पथराव किया गया।

स्थानीय दैनिक ‘स्ट्रेट टाइम्स’ में गुरूद्वारा प्रमुख गुरदयाल सिंह के हवाले से कहा गया है कि गुरूद्वारे के अंदर मौजूद स्वयंसेवकों ने कुछ आवाजें सुनीं और बाहर आए लेकिन बाहर कोई भी नहीं था। उन्होंने फिर पुलिस को सूचित किया।

शहर के पुलिस प्रमुख उप कमांडर सेब्तू उस्मान ने बताया ‘लगता है, कुछ शरारती बच्चों ने ऐसा किया। दूरसंचार इमारत गुरूद्वारे के बगल में है, उस पर भी वैसे ही पत्थर फेंके गए जैसे गुरूद्वारे पर फेंके गए।’ मलेशिया में करीब 60 फीसदी नागरिक मलय मुस्लिम हैं। मूल निवासी चीनियों की संख्या 25 फीसदी और मूल निवासी भारतीयों की संख्या 10 फीसदी है। सिख यहाँ के मूल निवासी भारतीय हैं और उनकी संख्या मलेशिया में करीब 120,000 है। ज्यादातर मूल निवासी भारतीय हिन्दू हैं जबकि चीनियों में बौद्धों की संख्या अधिक है। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें