दो हमलावारों पर आरोप लगाएँ
ND
विक्टोरिया प्रांत में एक चलती बस में एक भारतीय छात्र पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार तीन लोगों में से दो पर नस्ली नफरत फैलाने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपियों को एक सितंबर को फ्रैंकस्टन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा।
तीनों आरोपियों ने छह फरवरी को पोर्टसी जा रही बस में सवार 22 वर्षीय राजन कुमार कटकम पर हमला बोल दिया था। तीनों ने कटकम के मुँह पर माँस के टुकड़े भी फेंके थे।
ग्रॉफिक्स का प्रशिक्षण प्राप्त करने यहाँ आए कटकम ने इसके बाद विक्टिम्स ऑफ क्राइम कार्यालय में मामला दर्ज करा दिया था। पुलिस के मुताबिक इनमें से दो संदिग्धों को एक सितंबर को अदालत के सामने पेश होने का समन मिला है, जबकि तीसरे पर ‘निकट भविष्य’ में आरोप लगने की संभावना है। दोनों पर जान बूझकर चोट पहुँचाने, हमला करने, कई लोगों के साथ मिल कर हमला करने और खराब भाषा का उपयोग करने का भी आरोप लगा है। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई पर कटकम ने खुशी जताई है।
कटकम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा ‘मैं इस परिणाम से खुश हूँ और मुझे आशा है कि मेरे मामले से देश के नस्लवादी तत्वों तक एक संदेश पहुँचेगा। नस्लवादी होना अच्छा नहीं है क्योंकि हम यहाँ बहुत-सी आशाएं लेकर आते हैं और इस देश के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं।’
विक्टोरिया पुलिस की एक प्रवक्ता ने आशा जताई कि इन आरोपों से ‘समुदाय में यह कड़ा संदेश जाएगा कि ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ दूसरी ओर पुलिस आयुक्त सिमोन ओवरलैंड ने कहा कि पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए लोक अभियोजक, निदेशक से अनुमति की जरूरत होती है। ओवरलैंड ने कहा कि अगर किसी मामले में नस्लवाद का दृष्टिकोण प्रमाणित हो जाता है, तो कठोर दंड दिया जाता है। (भाषा)
