मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. woman tells rahul gandhi how congress can make government
Written By
Last Modified: गुरुवार, 24 नवंबर 2022 (12:12 IST)

महिला ने राहुल गांधी को बताया, कैसे बनेगी कांग्रेस की सरकार?

महिला ने राहुल गांधी को बताया, कैसे बनेगी कांग्रेस की सरकार? - woman tells rahul gandhi how congress can make government
रुस्तमपुर। भले ही कांग्रेस यह दावा कर रही हो कि भारत जोड़ो यात्रा वोट मांगने के लिए नहीं की जा रही है लेकिन मध्यप्रदेश में लोग इसे चुनाव से जोड़कर ही देख रहे हैं। यात्रा जब गुरुवार सुबह खंडवा जिले के रुस्तमपुर गांव से गुजरी, तब किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली एक बुजुर्ग महिला ने राहुल को सुझाव दिया कि अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनानी है तो किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा कर देना चाहिए।
 
63 वर्ष की अनीता महाजन ने राहुल गांधी से कहा कि अगर वह किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा करते हैं तो राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बिल्कुल बनेगी। उन्होंने राहुल को रासायनिक खाद और रसोई गैस के दाम घटवाने के साथ विधवाओं की सरकारी पेंशन बढ़वाने के प्रयास करने का सुझाव भी दिया।
 
गौरतलब है कि 2018 में मध्य प्रदेश में हुए पिछले विधानसभा चुनावों से पहले, राहुल ने राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। इस घोषणा का किसान मतदाताओं के बीच खासा असर देखा गया था और कांग्रेस 15 साल के लंबे अंतराल के बाद सूबे की सत्ता में लौटी थी।
 
हालांकि, ज्योतिरादित्य सिंधिया की सरपरस्ती में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार का 20 मार्च 2020 को पतन हो गया था। कमलनाथ सरकार के गिरने के बाद भाजपा ने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में फिर भाजपा की सरकार बन गई।
 
‘भारत जोड़ो यात्रा’ 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले के रास्ते महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में दाखिल हुई थी। यह यात्रा 12 दिन के भीतर पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में 380 किलोमीटर का फासला तय करेगी।
Edited by : Nrapendra Gupta (भाषा)
ये भी पढ़ें
वैश्विक बाजारों की मजबूती के बीच सेंसेक्स 61,600 अंक के पार पहुंचा, निफ्टी में भी रही बढ़त