• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Venkaiah Naidu
Written By
Last Modified: सोमवार, 18 जुलाई 2016 (17:54 IST)

नायडू, सिब्बल सहित 43 लोगों ने ली राज्यसभा की सदस्यता की शपथ

नायडू, सिब्बल सहित 43 लोगों ने ली राज्यसभा की सदस्यता की शपथ - Venkaiah Naidu
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रियों एम. वेंकैया नायडू, पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण और पूर्व केंद्रीय  मंत्री पी. चिदंबरम, कपिल सिब्बल, सपा नेता अमर सिंह, जदयू नेता शरद यादव सहित 43  निर्वाचित या पुनर्निवाचित या मनोनीत सदस्यों ने सोमवार को संसद के मानसून सत्र के पहले  दिन राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण करने वालों में नए पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे, संसदीय कार्य राज्यमंत्री  मुख्तार अब्बास नकवी, पूर्व मंत्री और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, राजद प्रमुख लालू प्रसाद की  पुत्री मीसा भारती, मशहूर वकील राम जेठमलानी (राजद) शामिल हैं। शपथ लेने वाले पूर्व  मंत्रियों में कांग्रेस की अंबिका सोनी, सपा सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा भी शामिल हैं। मनोनीत  संभाजी साहू छत्रपति ने भी उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली। 
 
सभापति हामिद अंसारी ने शपथ लेने वाले सदस्यों का स्वागत किया और कहा कि उन्हें उम्मीद  है कि ये सदस्य उल्लेखनीय योगदान देंगे। बिहार से निर्वाचित सदस्यों में मीसा भारती, शरद  यादव के अलावा भाजपा के गोपाल नारायण सिंह और जदयू के रामचंद्र प्रसाद सिंह ने उच्च  सदन की सदस्यता की शपथ ली।
 
उत्तरप्रदेश से सपा नेता अमर सिंह के अलावा उनकी ही पार्टी के सुरेंद्र सिंह नागर, विश्वंभर  प्रसाद निषाद, संजय सेठ, रेवती रमण सिंह, बेनीप्रसाद वर्मा और चौधरी सुखराम सिंह यादव,  भाजपा के शिवप्रकाश शुक्ल, बसपा के अशोक सिद्धार्थ और कांग्रेस के कपिल सिब्बल ने शपथ  ली। भाजपा सदस्य शुक्ल ने संस्कृत में शपथ ली। उत्तराखंड से कांग्रेस के प्रदीप टम्टा ने  शपथ ली। (भाषा)
ये भी पढ़ें
आखिरी घंटे में गिरा शेयर बाजार