1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Severe cold in Jammu and Kashmir

Weather Updates: जम्मू कश्मीर में कड़ाके की ठंड, माइनस 3.4 डिग्री पर पहुंचा तापमान

Jammu and Kashmir
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में एक बार फिर मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी की अन्य जगहों पर भी पारा जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर में कड़ाके की ठंड ने जोर पकड़ लिया है।
 
घाटी के अधिकांश हिस्सों में माइनस तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस महीने के अंत तक मौसम में कोई अहम बदलाव नहीं होने के आसार हैं। राजौरी व पुंछ के रास्ते कश्मीर को जोड़ने वाले मुगल रोड पर ट्रक फिसल जाने से मंगलवार की रात फंस गए 30 लोगों को सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाल  लिया है।
 
मौसम विभाग के अनुसार इस महीने के अंत तक मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा। रात में भी अधिकतर आसाम खुला रहने के कारण तापमान में और भी गिरावट की संभावना है।
 
इंदौर में हुई जमकर बारिश : इंदौर में बुधवार रात को गर्मी का एहसास हो रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह तेज बारिश और बरसते ओलों ने इंदौरवासियों को नींद से जगा दिया। शहर की सड़कें तरबतर हो गईं और ठंडक भी बढ़ गई। जो लोग सुबह जागे, उन्होंने बाहर जाकर देखा तो बारिश हो रही थी। इंदौर-उज्जैन संभाग में फिलहाल ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से आ रही नमी के कारण इंदौर और आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। 17 दिसंबर के बाद चक्रवात का असर कम होने से बादल छंटने लगेंगे और शहर में ठंड बढ़ सकती है।
 
स्काईमेंट के अनुसार पूर्वी मध्य और इससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र एक अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडलीय स्तर तक फैला हुआ है। यह भारतीय तट से पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 15 दिसंबर की सुबह तक पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर एक डिप्रेशन में केंद्रित हो सकता है। एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे मलक्का जलडमरूमध्य और सुमात्रा पर औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
 
पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। 
रायलसीमा, मराठवाड़ा, विदर्भ, मध्यप्रदेश, लक्षद्वीप और पूर्वी गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश और कर्नाटक में हल्की बारिश हुई।
 
बिहार में एक या दो स्थानों पर मध्यम कोहरा छाया रहा और उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और मेघालय में हल्का कोहरा छाया रहा। अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आंध्रप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र कोंकण और गोवा, आंतरिक कर्नाटक और गुजरात के पूर्वी हिस्सों में वर्षा की संभावना है।
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
Petrol Diesel Prices : क्रुड ऑइल हुआ फिर महंगा, पेट्रोल-डीजल के भाव यथावत बरकरार