शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Preparations for Republic Day 2023 parade going on amid record cold
Written By अवनीश कुमार
Last Updated : शनिवार, 7 जनवरी 2023 (18:14 IST)

रिकॉर्ड ठंड के बीच चल रही है गणतंत्र दिवस 2023 परेड की तैयारी, इस बार मिलेगी ऑनलाइन टिकट

रिकॉर्ड ठंड के बीच चल रही है गणतंत्र दिवस 2023 परेड की तैयारी, इस बार मिलेगी ऑनलाइन टिकट - Preparations for Republic Day 2023 parade going on amid record cold
नई दिल्ली। दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह से पहले परेड की रिहर्सल शुरू हो गई है। परेड की रिहर्सल रिकॉर्ड ठंड के बावजूद पूरे जोश के साथ चल रही है। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को और भव्य बनाने के लिए कर्तव्य पथ पर तैयारियां चल रही हैं। रिपब्लिक डे परेड देखने के लिए दर्शकों की काफी संख्या जुटती है। इसको लेकर कर्तव्य पथ के चारों ओर 60,000 से अधिक लोगों के लिए कुर्सियां लगाई जा रही हैं।
 
राष्ट्रीय राजधानी में कर्तव्य मार्ग पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड और स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के कार्यक्रमों को देखने के लिए अब ऑनलाइन टिकट खरीदे जा सकेंगे। वर्ष 2023 का गणतंत्र दिवस कई मायनों में ऐतिहासिक होगा।
 
पुनर्विकास के बाद कर्तव्य पथ पर पहली परेड- गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वालों को कर्तव्य पथ पूरी तरह से बदला हुआ नजर आएगा। राजपथ के कर्तव्य पथ (Kartavya Path) बनने के बाद पहली बार गणतंत्र दिवस परेड का संचालन होगा। इसके लिए खास तैयारियां चल रही हैं। दरअसल, पीएम मोदी ने औपनिवेशिक काल के प्रतीक तत्कालीन 'राजपथ' का नाम बदलकर 'कर्तव्य पथ' किया था। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह के लिए हर साल स्थापित और हटाए जाने वाले अस्थायी ढांचे को बदलने के लिए फोल्डेबल बैठने की व्यवस्था की गई है।
 
कार्यक्रम में दिखेगी मिलेट्स की थीम- भारत के प्रस्ताव पर 2023 को मिलेट्स वर्ष घोषित किया गया है। इसके लिए 2023 के दौरान 140 से अधिक देशों में भारत के दूतावास इस उत्सव में प्रदर्शनी, सेमिनार, वार्ता, पैनल चर्चा आदि के माध्यम से भारतीय प्रवासियों को शामिल करते हुए आईवाईएम पर कार्यक्रम आयोजित करके हिस्सा लेंगे। भारत के प्रतिनिधित्व में पके हुए मिलेट्स के व्यंजन की प्रदर्शनी/प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय प्रवासियों की सहायता से किया जाएगा और गणतंत्र दिवस समारोह के एक हिस्से के तहत बाजरे के व्यंजनों को अतिथियों को परोसा जाएगा।
 
मिस्र के राष्ट्रपति होंगे चीफ गेस्ट- गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की चल रहीं तैयारियों के बीच अतिथियों के सत्कार के लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में अन्य देश के नेता को चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाया जा रहा है। रिपब्लिक डे के मौके पर विदेशी चीफ गेस्ट को आमंत्रित करने की परंपरा रही है।
 
इस बार 26 जनवरी 2023 को होने वाले गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के मौके पर इजिप्ट यानी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी (Abdel Fatttah El-Sisi) बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे। गौरतलब हो कि कोविड के चलते 2 साल तक किसी भी चीफ गेस्ट को आमंत्रित नहीं किया गया था। हालांकि 2 साल बाद इस बार इजिप्ट के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
 
परेड के लिए एनसीसी ने भी शुरू की शिविर- राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के गणतंत्र दिवस शिविर का दिल्ली कैंट के करियप्पा परेड ग्राउंड में सोमवार को शानदार आगाज हो चुका है। इसमें सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 2,155 कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 710 लड़कियां भी हैं। शिविर का समापन 28 जनवरी को पीएम मोदी की रैली के साथ होगा।
 
शिविर का उद्देश्य गणतंत्र दिवस के महत्वपूर्ण आयोजनों के माध्यम से देश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ कैडेट्स के व्यक्तित्व कौशल में वृद्धि करना है। गणतंत्र दिवस परेड को लेकर NCC के साथ-साथ आज लोगों के बीच भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
 
परेड देखने वाले दर्शकों की बड़ी संख्या-  हर वर्ष 26 जनवरी को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया जाता है। इस बार भी कर्तव्य पथ पर जल, थल और वायुसेना समेत सुरक्षाबलों द्वारा भव्य परेड का प्रदर्शन किया जाएगा। रिपब्लिक डे परेड के लाइव प्रसारण के बावजूद बड़ी संख्या में लोग इस परेड को देखने कर्तव्य पथ पहुंचते हैं। दरअसल, परेड देखने के लिए टिकट की आवश्यकता पड़ती है और यह टिकट पहले विशेष काउंटर पर मिलती थी। सरकार ने इस बार गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोहों के लिए पास डिजिटलीकरण कर दिया है। अब ये टिकटें ऑनलाइन भी उपलब्ध होंगी।
 
ऑनलाइन टिकट के लिए पोर्टल लॉन्च- गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए जरूरी टिकट अब ऑनलाइन रूप में भी मौजूद है। इसके लिए रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने एक ऑनलाइन आमंत्रण प्रबंधन पोर्टल लॉन्च किया है। इसी पोर्टल से गणमान्य व्यक्तियों और मेहमानों को ऑनलाइन पास भी जारी किए जाएंगे। यह पोर्टल पूरी प्रक्रिया को उपयोगकर्ता और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के साथ ही सरकार और आम जनता के बीच की खाई को पाटेगा।
 
गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखने के लिए आम जनता अब ऑनलाइन टिकट खरीद सकेगी। पोर्टल (www.aamantran.mod.gov.in) पर जाकर ई-निमंत्रण और ई-टिकट लिया जा सकता है। हालांकि ई-आमंत्रण या ई-टिकट के अलावा टिकटों की बिक्री के लिए राजधानी में कई जगह बूथ काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
 
बूथ काउंटर होंगे स्थापित- पोर्टल के अलावा ई-टिकट की बिक्री के लिए रक्षा मंत्रालय राजधानी में कई जगह बूथ काउंटर स्थापित करेगा, जहां से टिकट खरीदे जा सकेंगे। मंत्रालय के अनुसार सेना भवन (गेट नंबर 2), शास्त्री भवन (गेट नंबर 3), जंतर-मंतर (मुख्य द्वार के पास), प्रगति मैदान (गेट नंबर 1), संसद भवन (रिसेप्शन ऑफिस) में बूथ काउंटर खुलेंगे। संसद भवन में सांसदों के लिए एक विशेष काउंटर 18 जनवरी को खुलेगा, जहां सुबह 10 बजे से 12.30 बजे और दोपहर में 2 बजे से 4.30 बजे तक टिकट मिलेंगे।
 
सरकार की ई-गवर्नेंस पहल को दे रही बढ़ावा- रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने पोर्टल लॉन्च करते समय बताया कि सरकार की ई-गवर्नेंस पहल के हिस्से के रूप में गणमान्य व्यक्तियों को ई-निमंत्रण और ई-टिकट के लिए पोर्टल (www.aamantran.mod.gov.in) लॉन्च किया जा रहा है।

उन्होंने यह आगे यह बताया कि सरकार हर नागरिक का जीवन आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है इसीलिए 'डिजिटल इंडिया' और 'मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिमम गवर्नेंस' विजन के साथ सरकार और आम जनता को करीब लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल लोगों के लिए गणतंत्र दिवस समारोह के टिकट खरीदना आसान बना देगा और छपाई में इस्तेमाल होने वाले कागज की बड़ी मात्रा को बचाएगा।
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
हावड़ा से दो संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार, ISIS से जुड़े होने शक